कांकेर. छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित कांकेर-नारायणपुर सीमा क्षेत्र में शनिवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। थाना छोटेबेठिया इलाके में डी-माइनिंग और एरिया डॉमिनेशन सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी विस्फोट में जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के तीन जवान शहीद हो गए, जबकि एक जवान गंभीर रूप से घायल है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षा बलों की टीम माओवादियों द्वारा पहले से छिपाए गए आईईडी को खोजने और निष्क्रिय करने के लिए अभियान पर निकली थी।
इसी दौरान आईईडी अचानक विस्फोटित हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि इंस्पेक्टर सुखराम वट्टी, कॉन्स्टेबल कृष्णा कोमरा और कॉन्स्टेबल संजय गढ़पाले ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।घटना में घायल कॉन्स्टेबल परमानंद कोमरा को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है, जहां उनका इलाज जारी है।बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पट्टिलिंगम ने बताया कि हाल के महीनों में आत्मसमर्पित माओवादी कैडरों से मिली सूचनाओं के आधार पर सुरक्षा बलों ने बड़ी संख्या में आईईडी बरामद कर निष्क्रिय किए हैं। इसके बावजूद जंगलों में छिपे विस्फोटक लगातार खतरा बने हुए हैं।यह हादसा नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में ऑपरेशन के दौरान सुरक्षा बलों के सामने मौजूद गंभीर जोखिम और चुनौतियों को एक बार फिर उजागर करता है।