जगदलपुर, 21 नवम्बर। छत्तीसगढ़ के किरंदुल के डिपॉजिट-14 में पहाड़ का बड़ा हिस्सा खिसकने से मलबा जंगल में दूर तक फैल गया है। इसकी चपेट में हजारों की संख्या में पेड़ आए हैं और यहां स्थित लोहा गांव के लिए निमार्णाधीन सड़क भी क्षतिग्रस्त हुई है। भूस्खलन के कारणों की जांच के लिए आईआईटी मुंबई और रुड़की के इंजीनियर घटनास्थल का तकनीकी निरीक्षण करेंगे। दूसरी ओर, एनएमडीसी ने इसे प्राकृतिक कारणों से हुई घटना बताते हुए खनन गतिविधियों से संबंध होने से इनकार किया है।
बुधवार को हुए भूस्खलन के बाद इलाके में बड़ी मात्रा में बजरी और मलबा जमा है। रास्ते की सफाई और आवागमन बहाल करने के लिए भारी मशीनरी लगाई गई है। फिलहाल मशीनों से मलबा हटाने और रास्ता साफ करने का काम जारी है। एनएमडीसी के मुताबिक, घटना में कोई जनहानि नहीं हुई है। प्रशासन के नेतृत्व में विशेषज्ञों की उच्चस्तरीय टीम मौके का निरीक्षण कर रिपोर्ट तैयार करेगी।
कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने बताया कि जांच के लिए आईआईटी मुंबई और रुड़की के इंजीनियरों को बुलाया जा रहा है।
बैलाडीला की पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में 18 नवंबर की रात हुए भूस्खलन की घटना ने क्षेत्र में हलचल मचा दी है। पहाड़ी से खिसका बजरी और मलबा करीब दो से तीन किलोमीटर तक नाले के रास्ते बहकर समतल जमीन पर जमा हो गया। इसकी चपेट में एनएमडीसी का वेस्ट डंप और लोहागांव पहुंच मार्ग भी प्रभावित हुआ है। घटना में जनहानि नहीं हुई है। एनएमडीसी ने स्पष्ट किया है कि इस घटना का कंपनी की किसी भी खनन गतिविधि से कोई संबंध नहीं है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद 19 नवंबर को दंतेवाड़ा कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव, वनमंडलाधिकारी और एनएमडीसी किरंदुल के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मलबे के फैलाव, पहाड़ी की स्थिति व प्रभावित बैलाडीला की पहाड़ियों के पीछे स्थित वन क्षेत्र में भूस्खलन के दौरान बहा मलबा पहुंच मार्ग का जायजा लिया।
कलेक्टर ने बताया कि स्थिति नियंत्रण में है। एनएमडीसी ने घटनास्थल पर जमा बजरी और मलबे को हटाने के लिए आवश्यक भारी मशीनरी तैनात कर दी है। साथ ही जिला प्रशासन के समन्वय से विशेषज्ञों की टीम को भी मौके का निरीक्षण करने और घटना के कारणों का विस्तृत आकलन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम पहाड़ी की भौगोलिक स्थिति, मलबे के खिसकने और उसके बहाव सहित विभिन्न तकनीकी पहलुओं का अध्ययन करेगी।
दंतेवाड़ा जिला पंचायत के सदस्य सोमारू कड़ती ने बताया कि डिपाजिट-14 के पीछे बसे लोहागांव, मलांगिर और एंडी के ग्रामीणों को दंतेवाड़ा व बैलाडीला पहुंचने गंगालूर और बीजापुर होकर करीब 20 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ रहा है।