कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने ग्राम पंचायत कुम्हली में आयोजित शिविर में किया शिरकत
जगदलपुर, 1 मई . बस्तर जिले में “आत्मनिर्भर गाँव, खुशहाल समाज” के संकल्प को धरातल पर उतारने के लिए बस्तर मुन्ने अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जगदलपुर विकासखंड के अंतर्गत आने वाली ग्राम पंचायत कुम्हली में एक विशेष समाधान शिविर का आयोजन किया गया, यह शिविर केवल एक आयोजन मात्र नहीं रहा, बल्कि ग्रामीणों और प्रशासन के बीच सीधे संवाद का सेतु बना। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा ने शिविर में शामिल होकर संवेदनशीलता की एक मिसाल पेश की, उन्होंने ग्रामीणों के साथ जमीन पर बैठकर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।
इस दौरान कलेक्टर ने कहा कि विकास की दौड़ में कोई भी ग्रामीण पीछे न छूटे, इसके लिए शिविर में 31 महत्वपूर्ण योजनाओं की संतृप्ति का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन शिविरों में आधार ऑपरेटरों सहित सभी 10 अनिवार्य विभागों के मैदानी कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी, ताकि ग्रामीणों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए सहूलियत मिल सके। शुक्रवार 1 मई से शुरू हुई इन विभिन्न गतिविधियों के तहत गाँव के बुनियादी ढांचे जैसे हर घर तक पानी की सुचारू आपूर्ति, बिजली और सड़कों की स्थिति की समीक्षा की जा रही है। विशेष रूप से उन मोहल्लों की जानकारी ली गई जहाँ जल आपूर्ति में बाधा आ रही है, और उन्हें तत्काल दुरुस्त करने की रणनीति बनाई गई। इस अभियान के माध्यम से शासन की कल्याणकारी योजनाओं जैसे आयुष्मान कार्ड, महतारी वंदन योजना, किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड को सीधे हितग्राहियों से जोड़ा जा रहा है। साथ ही, सामाजिक सुरक्षा पेंशन, राशन कार्ड, श्रम कार्ड और व्यक्तिगत शौचालयों की सुविधा सुनिश्चित की जा रही है। युवाओं के लिए कौशल विकास और महिलाओं के लिए राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के माध्यम से आर्थिक सशक्तिकरण पर विशेष जोर दिया जा रहा है। आधार कार्ड से लेकर जन्म-मृत्यु और जाति-निवास जैसे महत्वपूर्ण प्रमाणपत्रों की उपलब्धता एक ही छत के नीचे सुनिश्चित की गई है। इसके अतिरिक्त आगामी जनगणना की तैयारी का भी जिक्र करते हुए ग्रामीणों से अपील की गई कि वे गाँवों में आने वाले प्रगणकों को सही जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि भविष्य की योजनाओं का खाका मजबूती से तैयार किया जा सके। 10 जून 2026 तक चलने वाले इन विशेष शिविरों का लक्ष्य बस्तर के प्रत्येक गाँव को ‘विकसित भारत’ की मुख्यधारा से जोड़ना है। इस दौरान अनुविभागीय दंडाधिकारी श्री ऋषिकेश तिवारी, जगदलपुर तहसीलदार श्री राहुल गुप्ता, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अमित भाटिया सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।