जगदलपुर। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी के नेतृत्व में आज कांग्रेस पार्षद दल द्वारा नगर निरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत दलपत सागर में चल रहे निर्माण कार्यों का निरीक्षण किया गया। इस दौरान कांग्रेस पार्षद दल ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, तकनीकी मापदंडों, कार्यप्रणाली और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल उठाए। नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने विधायक, महापौर एवं नगर निगम आयुक्त से सवाल किया कि आखिर दलपत सागर में चल रहे निर्माण कार्यों की जानकारी सार्वजनिक करने से परहेज क्यों किया जा रहा है? क्या उच्च न्यायालय में कैविएट दायर करने की पहल विकास कार्यों में बाधा रोकने के लिए थी या फिर निर्माण कार्यों में संभावित अनियमितताओं पर उठने वाले सवालों से बचने की रणनीति है?
राजेश चौधरी ने कहा कि शहर का कोई भी नागरिक विकास कार्यों का विरोधी नहीं है। जगदलपुर की जनता शहर में बेहतर सुविधाएं और गुणवत्तापूर्ण विकास चाहती है, लेकिन विकास के नाम पर यदि नियमों, तकनीकी मापदंडों और पारदर्शिता की अनदेखी की जाती है, तो उस पर सवाल उठाना विपक्ष और शहरवासियों का लोकतांत्रिक अधिकार है। दलपत सागर जगदलपुर की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और प्राकृतिक पहचान है। ऐसे महत्वपूर्ण जलाशय में करोड़ों रुपये की लागत से होने वाले कार्य पूरी पारदर्शिता और निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप होने चाहिए।
उन्होंने कहा कि दलपत सागर में चल रहे निर्माण कार्य को पाथवे निर्माण बताया जा रहा है, लेकिन मौके पर जिस प्रकार पूर्व में निर्मित बंड के ऊपर मुरूम एवं निर्धारित निर्माण सामग्री के स्थान पर नाली से निकले मलबे और कचरे का उपयोग भराई के लिए किया जा रहा है, उससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता और उद्देश्य पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं। आखिर निविदा की शर्तों में निर्धारित सामग्री का उपयोग क्यों नहीं किया जा रहा है? क्या इस तरह की भराई से निर्माण कार्य की मजबूती और भविष्य की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाएगी? पाथवे निर्माण के नाम पर कहीं ऐसा तो नहीं किया जा रहा है कि इसका वास्तविक लाभ आम नागरिकों के बजाय कुछ धनाढ्य लोगों को पहुंचाया जाए?