संडेज ऑन साइकिल’ अभियान से गूँजा सुकमा: फिटनेस और पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश

सुकमा/ खेल एवं युवा कल्याण विभाग, छत्तीसगढ़ के निर्देशानुसार ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ के तहत जिला प्रशासन द्वारा विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर भव्य साइकिल रैली का आयोजन किया गया। रविवार सुबह 7 बजे ‘संडेज ऑन साइकिल’ की थीम पर निकली इस रैली में प्रशासनिक अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों, पुलिस जवानों, पत्रकारों, स्कूली छात्रों और आम नागरिकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमित शारीरिक गतिविधियों के लिए प्रेरित करना, स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और पर्यावरण प्रदूषण पर रोकथाम के लिए सकारात्मक माहौल तैयार करना रहा। जिला मुख्यालय स्थित दंतेवाड़ा चौक से सुबह 7 बजे रैली का उत्साहपूर्ण शुभारंभ हुआ। यह रैली पटनमपारा और मस्तानपारा होते हुए मिनी स्टेडियम सुकमा में संपन्न हुई, जहाँ प्रतिभागियों के लिए स्वल्पाहार की व्यवस्था की गई थी। मार्ग भर प्रतिभागियों ने साइकिल चलाकर स्वस्थ और स्वच्छ जीवनशैली का संदेश दिया, जिससे पूरे शहर में खासा उत्साह देखने को मिला।

इस अवसर पर जिला खेल अधिकारी श्री कैलाश कश्यप ने नियमित साइकिल चलाने के फायदों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि इससे शारीरिक क्षमता बढ़ती है और पर्यावरण प्रदूषण कम होता है। उन्होंने ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ को सशक्त बनाने के लिए साइकिल को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधरोपण करने की अपील की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *