मेंड्रा इलाके से पांच माओवादी गिरफ्तार, एक फरार

कांकेर, 29 नवम्बर. जिले में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान के बीच एक बड़ी खबर सामने आ रही है। सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक, नक्सलवाद के खात्मे के बाद भी इलाके में सक्रिय बचे माओवादियों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। इसी कड़ी में पुलिस ने मेंड्रा इलाके से पांच माओवादियों को गिरफ्तार किए जाने की खबर है।सूत्रों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए माओवादियों में चंदर, मंगलू और सनकी सहित कुल पांच लोग शामिल हैं। बताया जा रहा है कि गिरफ्तारी के दौरान एक अन्य माओवादी पुलिस को चकमा देकर भागने में सफल रहा, जिसकी तलाश में पुलिस की टीम जुटी हुई है।
गिरफ्तार माओवादियों को पूछताछ के लिए गोंडाहूर थाना ले जाए जाने की जानकारी मिल रही है। वहीं, पुलिस की टीम गिरफ्तार आरोपियों से हथियारों की बरामदगी को लेकर भी कार्रवाई में जुटी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के आला अधिकारियों के मौके के लिए रवाना होने की भी खबर है।नक्सलवाद के खात्मे के दावे के बाद बचे माओवादियों की गिरफ्तारी को पुलिस की बड़ी कार्रवाई के रूप में देखा जा रहा है। हालांकि, इस पूरे घटनाक्रम को लेकर फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। अब सबकी नजरें पुलिस के आधिकारिक बयान और आगे की कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *