नारायणपुर, 14 मई । आधुनिकता और दिखावे के दौर में नारायणपुर जिले के डमरतराई गांव से भारतीय संस्कृति, सादगी और पर्यावरण संरक्षण का अनोखा संदेश सामने आया है। बीती रात वार्ड क्रमांक 15 डमरतराई में निकली बैलगाड़ी बारात पूरे इलाके में आकर्षण और चर्चा का केंद्र बनी रही। ग्रामीण परिवेश, पारंपरिक वेशभूषा, ढोल-नगाड़ों और लोक संस्कृति के साथ निकल इस बारात ने लोगों को अपनी मिट्टी और परंपराओं से जुड़ने का संदेश दिया।

बारात की खास बात यह रही कि कुबेर देहारी स्वयं बैलगाड़ी की अगुवाई करते हुए दुल्हन के घर पहुंचे। गांव की गलियों से गुजरती पारंपरिक बारात को देखने बड़ी संख्या में ग्रामीण उमड़े और लोगों ने इस पहल की सराहना की। पूरे आयोजन में सादगी और भारतीय संस्कारों की झलक साफ दिखाई दी।
इस अवसर पर नारायणपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लगातार देशवासियों को ईंधन बचाने, पर्यावरण संरक्षण और भारतीय संस्कृति को अपनाने का संदेश दे रहे हैं। अब यह सोच गांव-गांव में जनजागरण और नई चेतना का रूप लेती दिखाई दे रही है।
उन्होंने कहा कि लोग अब अनावश्यक खर्च और दिखावे से दूर होकर अपनी परंपराओं, संस्कारों और ग्रामीण संस्कृति को फिर से आत्मसात कर रहे हैं। डमरतराई में निकली बैलगाड़ी बारात भारतीय संस्कृति की उसी सोच और सादगी का जीवंत उदाहरण है।