सुकमा जिला अस्पताल बना बुजुर्गों के लिए वरदान, 3 माह में 83 सफल अस्थिरोग ऑपरेशन

सुकमा। जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत बनाने की दिशा में किए जा रहे प्रयास अब धरातल पर नजर आने लगे हैं। जिला अस्पताल सुकमा में अस्थिरोग विशेषज्ञ डॉ. संदीप वर्मा की पदस्थापना के बाद हड्डी रोग उपचार सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार दर्ज किया गया है। मार्च 2026 से पुनः शुरू हुई अस्थिरोग सर्जरी सेवाओं के तहत मात्र तीन माह में 83 सफल ऑपरेशन किए गए हैं, जो जिला अस्पताल के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है।

जनवरी 2026 में कार्यभार ग्रहण करने के बाद डॉ. संदीप वर्मा ने लंबे समय से बंद पड़े ऑपरेशन थिएटर को आवश्यक संसाधनों और उपकरणों से सुसज्जित कर पुनः संचालन योग्य बनाया। वर्तमान में हड्डी रोग विभाग में 22 बेड उपलब्ध हैं, जहां गंभीर और ऑपरेशन योग्य मरीजों को भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।

सुकमा के सोढ़ीपारा निवासी 65 वर्षीय चमरू के लिए जिला अस्पताल किसी संजीवनी से कम साबित नहीं हुआ। कमर की गंभीर समस्या से जूझ रहे चमरू की जटिल सर्जरी जिला अस्पताल में पूरी तरह निःशुल्क सफलतापूर्वक की गई। अस्पताल में उन्हें दवाइयों, भोजन और भर्ती सहित सभी सुविधाएं मुफ्त में उपलब्ध कराई गईं। इससे उनके परिवार को जगदलपुर या रायपुर जाकर इलाज कराने की परेशानी और अतिरिक्त खर्च से राहत मिली।

इसी तरह बारसेरास निवासी 68 वर्षीय हूँगी बारसे को घर में गिरने से जांघ में गंभीर चोट लग गई थी। जिला अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा उनका सफल ऑपरेशन किया गया, जिससे उन्हें नया जीवन मिला। निःशुल्क उपचार और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलने पर उन्होंने शासन और स्वास्थ्य विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया।

कलेक्टर अमित कुमार ने कहा कि जिले के दूरस्थ क्षेत्रों तक बेहतर और भरोसेमंद स्वास्थ्य सुविधाएं पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि मात्र तीन माह में 83 सफल ऑपरेशन होना स्वास्थ्य सेवाओं में आए सकारात्मक बदलाव का प्रमाण है। अब स्थानीय लोगों को हड्डी रोग उपचार के लिए बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ रहा है।

गौरतलब है कि पहले अस्थिरोग उपचार के लिए सुकमा के मरीजों को जगदलपुर, रायपुर या ओडिशा के मलकानगिरी जाना पड़ता था। अब जिला अस्पताल में विशेषज्ञ सेवाएं उपलब्ध होने से मरीजों को समय और धन दोनों की बचत हो रही है। यही कारण है कि अब आसपास के क्षेत्रों के मरीज भी उपचार के लिए सुकमा जिला अस्पताल पहुंच रहे हैं।

जिला अस्पताल सुकमा की यह उपलब्धि स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में बढ़ती विश्वसनीयता और ग्रामीण अंचलों तक गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा पहुंचाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *