‘आधार’ की उलझन सुलझी, चेहरे पर लौटी मुस्कान

जिला प्रशासन की सजगता से सोड़ी पोज्जे और सोड़ी लच्छी को मिला ई-आधार

सुकमा। जिला प्रशासन सुकमा द्वारा आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान और शासकीय योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी क्रम में प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए ग्राम साकलेर की सोड़ी पोज्जे और ग्राम ताड़मेटला की सोड़ी लच्छी की आधार संबंधी जटिल समस्या का सफल समाधान किया है।

दोनों महिलाओं ने वर्ष 2024 में आधार नामांकन कराया था, लेकिन तकनीकी त्रुटियों के कारण उन्हें आधार कार्ड प्राप्त नहीं हो सका। आधार कार्ड नहीं मिलने से वे विभिन्न शासकीय योजनाओं और सुविधाओं का लाभ लेने में कठिनाइयों का सामना कर रही थीं।

समस्या तब और जटिल हो गई जब दोनों हितग्राहियों ने नया आधार कार्ड बनवाने का प्रयास किया। नामांकन प्रक्रिया के दौरान पोर्टल पर “Aadhaar Already Generated” का संदेश प्रदर्शित होने लगा। नियमानुसार एक व्यक्ति का दोबारा आधार नामांकन संभव नहीं होने के कारण मामला लंबे समय से लंबित था और दोनों महिलाएं असमंजस की स्थिति में थीं।

मामले की जानकारी मिलने पर जिला प्रशासन ने तत्काल संज्ञान लिया। अधिकारियों और तकनीकी टीम ने पुराने रिकॉर्ड्स की गहन जांच की तथा सभी आवश्यक प्रक्रियाओं का पालन करते हुए दोनों हितग्राहियों के पूर्व में जारी आधार नंबर को सफलतापूर्वक खोज निकाला।

प्रशासन ने तत्परता दिखाते हुए डिजिटल माध्यम से दोनों महिलाओं का ई-आधार डाउनलोड कर सुरक्षित रूप से उन्हें उपलब्ध कराया। ई-आधार प्राप्त होने के बाद दोनों हितग्राहियों के चेहरे पर खुशी लौट आई है। अब वे बिना किसी तकनीकी बाधा के विभिन्न शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ प्राप्त कर सकेंगी।

जिला प्रशासन की इस त्वरित और जनहितैषी पहल की ग्रामीण क्षेत्रों में सराहना हो रही है। यह कार्रवाई प्रशासन की नागरिक-केंद्रित कार्यशैली और समस्याओं के संवेदनशील समाधान की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *