बस्तर, 10 जून।
बस्तर जिले के चपका स्थित फाफनी गांव के 70 वर्षीय किसान मनीराम बैध ने गांव के सरपंच नवल किशोर कश्यप पर उनकी निजी भूमि पर अवैध कब्जा करने का आरोप लगाते हुए तहसीलदार को शिकायत पत्र सौंपा है। उन्होंने प्रशासन से मामले में हस्तक्षेप कर भूमि का सीमांकन कराने तथा उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
तहसीलदार को दिए गए आवेदन में मनीराम बैध ने बताया है कि उनके स्वामित्व वाली भूमि के प्लॉट क्रमांक 95/2 पर गांव के सरपंच नवल किशोर ने कथित रूप से कब्जा कर लिया है। उनका कहना है कि उक्त भूमि उनके नाम दर्ज है, लेकिन वर्तमान में उस पर उक्त सरपंच द्वारा अधिकार जताया जा रहा है।
शिकायतकर्ता मनीराम बैध ने प्रशासन से अनुरोध किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा संबंधित पटवारी को मौके पर भेजकर भूमि की माप-जोख और सीमांकन कराया जाए।
तहसीलदार को लिखे अपने पत्र में उन्होंने लिखा है उनके प्लाट पर लगे पेड़ों को काट दिया गया है साथ ही यह आग्रह किया गया है एवं पटवारी से निरीक्षण किया जाए।
मनीराम बैध ने समस्या के समाधान के लिए राजस्व विभाग का दरवाजा खटखटाया है और उम्मीद जताई है कि प्रशासन उनकी शिकायत पर शीघ्र कार्रवाई करेगा।मामले में समाचार लिखे जाने तक प्रशासन अथवा संबंधित सरपंच की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया प्राप्त नहीं हो सकी थी।