राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में सुकमा के पांच बाल वैज्ञानिकों ने मारी बाजी, राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए हुआ चयन

32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस में 32 विद्यार्थियों ने प्रस्तुत कीं शोध परियोजनाएं, विज्ञान एवं नवाचार के जरिए सतत विकास का संदेश

सुकमा/ जिले में विद्यार्थियों के बीच वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार और अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं शिक्षा विभाग के मार्गदर्शन में सोमवार को 32वीं राष्ट्रीय बाल विज्ञान कांग्रेस–2026 का जिला स्तरीय आयोजन स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट शासकीय कन्या शिक्षा परिसर उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सुकमा में संपन्न हुआ। कलेक्टर श्री अमित कुमार के मार्गदर्शन में ‘सतत विकास के लिए विज्ञान एवं नवाचार’ मुख्य विषय पर आयोजित इस प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों के विद्यार्थियों ने अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा और शोधपरक सोच का प्रदर्शन किया। कुल 62 विज्ञान परियोजनाओं का पंजीयन हुआ, जिनमें से 20 सीनियर एवं 12 जूनियर वर्ग के प्रतिभागियों ने जिला स्तरीय प्रतियोगिता में हिस्सा लिया। आयोजन छत्तीसगढ़ विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद तथा राष्ट्रीय विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी संचार परिषद, विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग, भारत सरकार के उत्प्रेरण एवं सहयोग से किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला शिक्षा अधिकारी श्री जीआर मंडावी एवं अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की पूजा-अर्चना एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। जिला समन्वयक श्री जगदीश्वर राव ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए बाल विज्ञान कांग्रेस को विद्यार्थियों में वैज्ञानिक चेतना विकसित करने का महत्वपूर्ण मंच बताया। जिला शिक्षा अधिकारी ने कहा कि ऐसे आयोजन बच्चों को अपने आसपास की समस्याओं को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से समझने, तार्किक चिंतन करने और स्थानीय संसाधनों के माध्यम से समाधान खोजने के लिए प्रेरित करते हैं। इससे विद्यार्थियों की रचनात्मकता, समस्या समाधान क्षमता और अनुसंधान के प्रति रुचि विकसित होती है। निर्णायक मंडल द्वारा परियोजनाओं का मूल्यांकन वैज्ञानिक दृष्टिकोण, नवाचार, प्रयोगात्मक अध्ययन, विषय की प्रासंगिकता एवं सामाजिक उपयोगिता के आधार पर किया गया।

प्रतियोगिता के परिणामस्वरूप जूनियर वर्ग से दो और सीनियर वर्ग से तीन परियोजनाओं का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया गया। जूनियर वर्ग में प्रथम स्थान पर सेजेस शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय झापरा की कु. बेबी मुचाकी एवं कु. लक्ष्मी पोडियामी तथा द्वितीय स्थान पर शासकीय पूर्व माध्यमिक शाला कुड़केल के रोहित कुमार सोड़ी एवं कु. श्रुति रहे। वहीं सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान आईएमएसटी अंग्रेजी माध्यम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के बिस्मित सिंह भोगल एवं सोड़ी अरुण, द्वितीय स्थान डीएवी मुख्यमंत्री पब्लिक स्कूल मुरतोंडा की कु. दीक्षा वर्मा एवं कु. निकिता तथा तृतीय स्थान पीएम श्री शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के ताती संतोष एवं हिडमा पुनेम ने प्राप्त किया। चयनित पांचों परियोजनाएं 20 एवं 21 नवंबर 2026 को पंडित रविशंकर शुक्ल विश्वविद्यालय, रायपुर में आयोजित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सुकमा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगी।

कलेक्टर श्री अमित कुमार ने चयनित बाल वैज्ञानिकों को बधाई देते हुए राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा और नवाचार को प्रोत्साहित करने के लिए ऐसे आयोजनों के महत्व पर बल दिया। जिला शिक्षा अधिकारी श्री जी.आर. मंडावी ने भी विद्यार्थियों की उपलब्धि की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम में जिला शैक्षणिक समन्वयक श्री राकेश सिंह सहित निर्णायक मंडल के सदस्य, स्रोत शिक्षक एवं मार्गदर्शक शिक्षक उपस्थित रहे। आयोजन को सफल बनाने में विभिन्न समितियों के सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। मंच संचालन श्री अनिल पाल ने किया। जिला जनसंपर्क कार्यालय के श्री गौरव साव एवं सहायक परियोजना अधिकारी श्री आशीष राम ने भी बाल वैज्ञानिकों की प्रतिभा की प्रशंसा करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *