नवरात्रि में माँ दंतेश्वरी मंदिर के लिए रोटरी क्लब चलाएगा निःशुल्क बस सेवा
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ शासन के वन, परिवहन, सहकारिता, जलवायु परिवर्तन एवं संसदीय कार्य मंत्री केदार कश्यप से रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर के प्रतिनिधिमंडल ने जगदलपुर सर्किट हाउस में शिष्टाचार मुलाकात की।
इस अवसर पर रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर के अध्यक्ष डॉ. मनोज थॉमस, सचिव अंकित गोयल एवं रोटरी उपाध्यक्ष संग्राम सिंह राणा उपस्थित रहे। मुलाकात के दौरान आगामी 11 अक्टूबर से प्रारंभ होने वाले शारदीय नवरात्रि पर्व के अवसर पर रोटरी क्लब द्वारा जगदलपुर से दंतेवाड़ा स्थित माँ दंतेश्वरी मंदिर के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं हेतु निःशुल्क बस सेवा प्रारंभ किए जाने की जानकारी मंत्री केदार कश्यप को दी गई।
इस सेवा के शुभारंभ अवसर पर वन मंत्री केदार कश्यप सहित जनप्रतिनिधिगण की उपस्थिति रहेगी। रोटरी क्लब की इस पहल का उद्देश्य नवरात्रि के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधाजनक एवं निःशुल्क यात्रा सुविधा उपलब्ध कराना है।
रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर के अध्यक्ष डॉ. मनोज थॉमस ने कहा कि रोटरी क्लब मानवीय सहायता, शांति एवं सामुदायिक विकास के लिए निरंतर कार्य करता है। रोटरी के प्रमुख कार्यों में पोलियो उन्मूलन, शांति को बढ़ावा देना, बीमारियों से मुकाबला, स्वच्छ जल एवं स्वच्छता, शिक्षा एवं साक्षरता तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण क्षेत्र शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब ऑफ जगदलपुर भी सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों में निरंतर अपनी सहभागिता निभाता रहेगा।