जगदलपुर, 24 अगस्त। बस्तर और ओडिशा में लगातार हो रही झमाझम बारिश के चलते इंद्रावती नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ गया है। नदी खतरे के निशान से ऊपर बह रही है और जलस्तर 8.40 मीटर तक पहुंच गया है। बढ़ते जलस्तर के कारण जगदलपुर के पुराने पुल के ऊपर से भी पानी बहने लगा है। नदी-नालों के उफान पर आने से क्षेत्र के दर्जनों गांवों का संपर्क प्रभावित हुआ है।
लगातार बारिश के कारण इंद्रावती नदी के साथ ही उसके सहायक नाले भी उफान पर हैं। इससे नदी के आसपास के निचले इलाकों में बाढ़ का खतरा बढ़ गया है। प्रशासन ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए एसडीआरएफ (SDRF) को अलर्ट मोड पर रखा है।
जगदलपुर तहसीलदार के अनुसार, बाढ़ की आशंका वाले क्षेत्रों में प्रशासन की टीम लगातार निगरानी कर रही है। प्रभावित एवं संवेदनशील इलाकों में मुनादी कराकर लोगों को नदी-नालों से दूर रहने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जा रही है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि तेज बहाव वाले पुल-पुलियों और नदी-नालों को पार करने का प्रयास न करें।
अगले 24 घंटे भारी बारिश का अलर्ट
मौसम विभाग ने छत्तीसगढ़ में अगले 24 घंटे के दौरान कुछ स्थानों पर भारी से अति भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दौरान गरज-चमक के साथ बिजली गिरने की भी आशंका है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में अगले सात दिनों तक कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश का दौर जारी रह सकता है।
राजधानी रायपुर में रविवार दोपहर करीब दो घंटे तक लगातार तेज बारिश हुई, जिसके चलते कई इलाकों में जलभराव की स्थिति निर्मित हो गई। गायत्री नगर में जगन्नाथ मंदिर के पास नाले में फंसे एक युवक को रस्सी के सहारे सुरक्षित बाहर निकाला गया।
बस्तर में लगातार बारिश के चलते इंद्रावती नदी का बढ़ता जलस्तर प्रशासन के लिए भी चुनौती बन गया है। नदी के आसपास रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की गई है।