नारायणपुर, 07 जुलाई . कभी बरसात के मौसम में उफनती नदियां और नाले ग्रामीणों के लिए बड़ी चुनौती बन जाते थे। स्कूल जाने वाले बच्चों, अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों, किसानों और व्यापारियों को घंटों इंतजार करना पड़ता था। कई गांवों का संपर्क मुख्य मार्गों से कट जाता था, जिससे जनजीवन प्रभावित होता था। लेकिन आज यह स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। लोक निर्माण विभाग, सेतु निर्माण उपसंभाग नारायणपुर द्वारा जिले के विभिन्न क्षेत्रों में उच्चस्तरीय पुल एवं सड़क निर्माण कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण किए गए हैं। इन परियोजनाओं ने ग्रामीण अंचलों के लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाकर विकास की नई इबारत लिखी है। जिले के लगभग 65 गांवों को वर्षभर सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल रही है।
इन पुलों और सड़कों के निर्माण से किसानों को अपनी कृषि उपज समय पर बाजार तक पहुंचाने में आसानी हो रही है। परिवहन लागत कम हुई है और स्थानीय व्यापार को भी नई गति मिली है। छोटे व्यापारियों और ग्रामीण उद्यमियों के लिए अब सामान का आवागमन पहले की तुलना में अधिक सरल और किफायती हो गया है। स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी इस परियोजना का व्यापक प्रभाव देखने को मिला है। अब गंभीर मरीजों और गर्भवती महिलाओं को एम्बुलेंस के माध्यम से जिला अस्पताल तक समय पर पहुंचाया जा रहा है। वहीं विद्यार्थियों के लिए स्कूल और कॉलेज तक पहुंचना अधिक सुरक्षित और सुविधाजनक हो गया है, जिससे शिक्षा के क्षेत्र में भी सकारात्मक बदलाव आया है। ग्रामीणों का कहना है कि पहले बरसात के दिनों में नदी-नालों के कारण घंटों इंतजार करना पड़ता था, लेकिन अब पुल बनने से आवागमन निर्बाध हो गया है। इससे समय की बचत होने के साथ-साथ लोगों का जीवन भी आसान हुआ है।
लोक निर्माण विभाग द्वारा समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए गए ये निर्माण कार्य केवल पुल और सड़क निर्माण तक सीमित नहीं हैं, बल्कि ग्रामीण विकास की मजबूत आधारशिला बन गए हैं। इनसे क्षेत्र में सामाजिक और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिली है तथा लोगों का शासन-प्रशासन के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ है। यह परियोजना इस बात का उदाहरण है कि मजबूत आधारभूत संरचना किसी भी क्षेत्र के समग्र विकास का सबसे सशक्त माध्यम बन सकती है।