मंत्री केदार कश्यप के काफिले में बड़ा हादसा टला, स्कॉर्पियो ने मंत्री की कार और फॉलो वाहन को मारी जोरदार टक्कर

कोंडागांव,23अगस्त। रविवार दोपहर कोंडागांव जिले में मंत्री केदार कश्यप के काफिले में बड़ा सड़क हादसा हो गया। जूनवानी के पास तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पहले मंत्री की कार को टक्कर मारी और इसके बाद अनियंत्रित होकर फॉलो वाहन से जा भिड़ी। हादसे में मंत्री केदार कश्यप बाल-बाल बच गए, जबकि फॉलो वाहन में सवार पुलिस जवानों समेत कई लोग घायल हुए हैं।
जानकारी के मुताबिक मंत्री केदार कश्यप अपने गृह ग्राम फरसागुड़ा से कोंडागांव की ओर आ रहे थे। इसी दौरान कोंडागांव से जगदलपुर की ओर जा रही स्कॉर्पियो ने काफिले में शामिल मंत्री की कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद स्कॉर्पियो अनियंत्रित होकर पीछे चल रहे फॉलो वाहन से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि फॉलो वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे के बाद घायलों को तत्काल कोंडागांव जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों की हालत को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। घायलों में ड्राइवर सुनील कुमार मौर्य, प्रधान आरक्षक राजेश नेताम, आरक्षक सुगंतिन उसेंडी, महिला आरक्षक त्रिलोतमा मदरू और आरक्षक नर्मदा मरकाम शामिल हैं। मंत्री के पीए अनुराग शर्मा को भी सीने में दर्द की शिकायत के बाद रायपुर रेफर किए जाने की जानकारी है।
बताया जा रहा है कि कई घायलों के सिर, पैर, सीने, पीठ और कंधे में चोटें आई हैं। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।
फिलहाल मंत्री केदार कश्यप सुरक्षित बताए जा रहे हैं। पुलिस ने दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है और स्कॉर्पियो चालक तथा हादसे की परिस्थितियों की जानकारी जुटाई जा रही है। हादसे की तस्वीरें सामने आने के बाद टक्कर की भयावहता का अंदाजा लगाया जा सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *