जिले में शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने व्यापक प्रशासनिक पहल

माह के तीसरे शनिवार को 170 से अधिक स्कूलों में पहुंचा प्रशासनिक अमला

जगदलपुर, 23 अगस्त. बस्तर जिले के शासकीय हाईस्कूलों एवं हायर सेकेण्डरी विद्यालयों में शैक्षणिक गुणवत्ता को सुदृढ़ करने तथा विद्यार्थियों के परीक्षा परिणामों को बेहतर बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने सघन निगरानी तंत्र स्थापित किया है। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के निर्देशानुसार जुलाई माह से प्रारंभ किए गए इस विशेष गुणवत्ता सुधार अभियान के अंतर्गत अगस्त माह के तृतीय शनिवार को जिले भर में दूसरे चरण का वृहद निरीक्षण अभियान संचालित किया गया। इस व्यवस्था के तहत प्रशासनिक और विभागीय तंत्र को सीधे शिक्षण संस्थाओं से जोड़ते हुए 178 अधिकारियों को अलग-अलग विद्यालयों में नोडल अधिकारी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई है।

इस दौरान जिले के प्रशासनिक एवं विभागीय अधिकारियों ने उन्हें आबंटित स्कूलों में उपस्थित होकर शैक्षणिक गतिविधियों का जायजा लिया, जिसमें अपर कलेक्टर, एसडीएम, तहसीलदार, जनपद सीईओ और विभिन्न तकनीकी व विकासीय विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों ने जगदलपुर, लोहंडीगुड़ा, तोकापाल, बास्तानार, दरभा, बस्तर तथा बकावण्ड विकासखंडों के दूरस्थ विद्यालयों में पहुंचकर व्यवस्थाओं की समीक्षा की।
इस सघन अभियान के दौरान अधिकारियों ने शालाओं में शिक्षकों एवं कर्मचारियों की समयबद्ध उपस्थिति, शैक्षणिक कैलेंडर के अनुसार पाठ्यक्रम की पूर्णता, विद्यार्थियों की नियमित उपस्थिति और विभिन्न पंजियों के संधारण की विस्तृत जांच की। इसके साथ ही अधिकारियों ने विद्यार्थियों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें आगामी बोर्ड व वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया तथा प्रयोगशाला, पुस्तकालय और सह-शैक्षणिक गतिविधियों के नियमित संचालन पर बल दिया। जिला प्रशासन द्वारा प्रत्येक माह के तृतीय शनिवार को अनिवार्य रूप से इस व्यवस्था को जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे सुदूर वनांचल क्षेत्रों के शासकीय विद्यालयों में भी सतत निगरानी के माध्यम से गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण सुनिश्चित हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *