माता रुक्मणी आश्रम में चलाया गया एचपीवी टीकाकरण का विशेष अभियान
जगदलपुर, 17 जुलाई . राज्य शासन की स्वास्थ्य प्राथमिकताओं के अंतर्गत तोकापाल क्षेत्र में एक अत्यंत महत्वपूर्ण और जीवन रक्षक स्वास्थ्य अभियान संपन्न हुआ। कलेक्टर श्री आकाश छिकारा के कुशल दिशा-निर्देशन तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. संजय बसाक के मार्गदर्शन में माता रुक्मणी आश्रम डिमरापाल में एक विशेष टीकाकरण शिविर का आयोजन किया गया। खण्ड चिकित्सा अधिकारी डॉ. ऋषभ साव के सीधे नेतृत्व में चले इस अभियान के तहत आश्रम की 14 से 15 वर्ष की आयु वर्ग की कुल 77 बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर (गर्भाशय ग्रीवा के कैंसर) से दीर्घकालिक सुरक्षा प्रदान करने के लिए एचपीवी वैक्सीन का टीका लगाया गया।
इस अभियान के दौरान स्वास्थ्य विशेषज्ञों और सेक्टर प्रभारी द्वारा एक बेहद महत्वपूर्ण जानकारी साझा करते हुए बताया कि बाजार में इस जीवन रक्षक वैक्सीन की एक खुराक की कीमत लगभग नौ हजार रुपये है, जिसे आम और गरीब परिवारों के लिए वहन कर पाना बेहद कठिन होता है। लोक स्वास्थ्य के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता को दर्शाते हुए राज्य़ शासन इस बेहद महंगे और प्रभावशाली टीके को पूरी तरह निःशुल्क प्रारंभ करने वाला देश का प्रथम राज्य बन गया है।
इस वृहद और संवेदनशील टीकाकरण कार्यक्रम को पूर्णतः सफल बनाने में स्वास्थ्य विभाग के मैदानी अमले ने अपनी उत्कृष्ट सेवाएं दीं। अभियान के सफल क्रियान्वयन में क्षेत्र के आरएमए, सेक्टर पर्यवेक्षक, समर्पित स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं के साथ-साथ माता रुक्मणी आश्रम के स्थानीय प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ का भी सराहनीय व महत्वपूर्ण योगदान रहा। यह पहल बालिकाओं के सुरक्षित और स्वस्थ भविष्य की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम साबित होगी।