शिक्षक ने बनाया भगवान श्री राम के पूरे जीवन का चित्रण

कोड़ागांव 06 अप्रैल . छत्तीसगढ़ के कोड़ागांव जिले के शिक्षक, राजेंद्र राव ने अपने अनोखे अंदाज़ में भारतीय संस्कृति और मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को श्रद्धांजलि अर्पित की है। जहाँ पूरा देश रामनवमी मना रहा , वहीं राजेंद्र राव ने 5 बाय 3 फीट के एक दुपट्टे पर पूरी रामायण का चित्रण कर सबका ध्यान खींच लिया।
राजेंद्र राव का उद्देश्य केवल चित्र बनाना नहीं था, बल्कि उन्होंने इसके माध्यम से आने वाली पीढ़ियों को हमारी सांस्कृतिक धरोहर से जोड़ने का प्रयास किया है। उनका मानना है कि आज की युवा पीढ़ी के पास रामायण या गीता पढ़ने का समय नहीं है, लेकिन अगर वे इस चित्र को देखें, तो शायद उनमें रामायण पढ़ने की जिज्ञासा जगे और इसके साथ उन्हें संस्कार व नैतिक ज्ञान भी प्राप्त हो।
इस अद्भुत चित्रकला में उन्होंने श्रीराम के जन्म से लेकर रावण वध तक की संपूर्ण घटनाओं को दर्शाया है। यह कार्य उन्होंने पूरे एक सप्ताह में पूर्ण किया। यह कला लोगों को इतनी पसंद आई कि कई लोग उन्हें चित्र देखने घर बुलाते हैं और चित्र बनवाने के ऑर्डर भी देते हैं।
शिक्षक होने के साथ-साथ राजेंद्र राव एक सच्चे राम भक्त भी हैं। वे कहते हैं, “आज की पीढ़ी को रामायण जानना, सुनना और देखना ज़रूरी है। क्योंकि मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम को जानना है तो रामायण पढ़ना आवश्यक है।”
राजेंद्र राव का यह प्रयास न केवल कला का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि यह एक सांस्कृतिक संदेश भी है—जहाँ चित्रों के माध्यम से हमारी परंपराएं जीवित रखी जा सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *