बाकेल में डिजिटल क्रांति का आगाज

जिला पंचायत अध्यक्ष ने किया अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का लोकार्पण

बस्तर. ग्रामीण क्षेत्रों को आधुनिक सुविधाओं से जोड़ने और शासन की योजनाओं को सीधे ग्रामीणों के द्वार तक पहुँचाने की दिशा में शुक्रवार को बस्तर विकासखंड की ग्राम पंचायत बाकेल में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मिली। यहाँ नवनिर्मित अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भव्य शुभारंभ जिला पंचायत अध्यक्ष वेदवती कश्यप के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। इस केंद्र की स्थापना से अब बाकेल और आसपास के ग्रामीणों को ऑनलाइन सेवाओं, बैंकिंग कार्यों और सरकारी दस्तावेजों के लिए लंबी दूरी तय कर शहर जाने की मजबूरी से मुक्ति मिलेगी। कार्यक्रम में जनपद पंचायत अध्यक्ष संतोष बघेल और जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान ने विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों का स्वागत स्थानीय परंपराओं के साथ किया गया, जिसके पश्चात मुख्य अतिथि वेदवती कश्यप ने केंद्र का विधिवत उद्घाटन किया। उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए जिला पंचायत अध्यक्ष ने कहा कि अटल डिजिटल सुविधा केंद्र न केवल तकनीकी प्रगति का प्रतीक है, बल्कि यह ग्रामीणों के समय और धन की बचत करते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में एक सशक्त कदम है।
उन्होंने विश्वास जताया कि पंचायत स्तर पर शुरू हुई यह सुविधा पारदर्शिता लाने और जनसामान्य की समस्याओं के त्वरित निराकरण में सहायक सिद्ध होगी। इस अवसर पर जनपद अध्यक्ष संतोष बघेल और जिला पंचायत सदस्य निर्देश दीवान ने भी ग्रामीणों को इस नई सुविधा की बधाई दी और केंद्र के संचालन के लाभों पर चर्चा की। कार्यक्रम में क्षेत्र के अन्य जनप्रतिनिधिगण और बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे, जिन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए इसे ग्राम विकास के लिए एक मील का पत्थर बताया। उद्घाटन के साथ ही केंद्र में डिजिटल सेवाओं का संचालन शुरू कर दिया गया, जिससे पूरे क्षेत्र में हर्ष का माहौल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *