जैव विविधता संरक्षण का संदेश देने जुटे विद्यार्थी, वन विभाग ने किया जागरूकता कार्यक्रम

बीजापुर। विश्व जैव विविधता दिवस 2026 के अवसर पर बीजापुर वन मंडल ने इंद्रावती टाइगर रिजर्व और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के सहयोग से तेंदूपत्ता हॉल में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, वन अधिकारियों और पर्यावरण विशेषज्ञों ने जैव विविधता संरक्षण का संदेश दिया।

कार्यक्रम डीएफओ रमेश जांगड़े और एसडीओ देवेंद्र गोंड के मार्गदर्शन में आयोजित हुआ। मुख्य अतिथि सेवानिवृत्त कृषि विकास अधिकारी एवं पारंपरिक वैद्य विशेषज्ञ बी. राव गोडबोले रहे। वहीं इंद्रावती टाइगर रिजर्व के उप संचालक संदीप बलागा,एसडीओ अजय कावरे, मनोज बघेल और नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के अध्यक्ष एम. सूरज विशेष रूप से मौजूद रहे।

स्वामी आत्मानंद विद्यालय बीजापुर के समर कैंप में शामिल विद्यार्थियों ने चित्रकला, कविता और नृत्य प्रतियोगिताओं में भाग लिया। विद्यार्थियों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण और जैव विविधता बचाने का संदेश दिया।

मुख्य अतिथि बी. राव गोडबोले ने स्थानीय औषधीय पौधों और उनके पारंपरिक उपयोगों की जानकारी दी। उन्होंने दुर्लभ पौधों के बीज भी वितरित किए। वहीं एम. सूरज ने ऊदबिलाव, जंगली भैंसा और सर्प जैसे संकटग्रस्त वन्यजीवों पर वीडियो प्रस्तुति देकर लोगों को वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूक किया।

संदीप बलागा ने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए जैव विविधता का संरक्षण बेहद जरूरी है। अजय कावरे और मनोज बघेल ने भी प्रकृति संरक्षण की आवश्यकता पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में वन विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, विशेषज्ञ, विद्यार्थी और आमजन बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी की ओर से भूपेंद्र जगत, ऋषभ और मनीषा ने भी सहभागिता निभाई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *