
सुकमा/ बस्तर के दूरस्थ वनांचलों में अब बदलाव की नई इबारत खेल के मैदानों में लिखी जा रही है। कभी नक्सलवाद के प्रभाव के लिए पहचाने जाने वाले इन क्षेत्रों में आज खेल, उमंग और उत्साह का माहौल नजर आ रहा है। इसकी जीवंत तस्वीर गुरुवार को हड़मा स्टेडियम सुकमा में आयोजित ‘बस्तर ओलंपिक 2026-27’ के क्लस्टर स्तरीय मुकाबलों में देखने को मिली। ‘हमारा खेल, हमारा बस्तर, हमारी पहचान’ के ध्येय वाक्य के साथ आयोजित इस खेल महाकुंभ में युवाओं के साथ महिलाओं और बुजुर्गों ने भी पूरे उत्साह से भागीदारी निभाई। खास बात यह रही कि ग्रामीण महिलाएं अपने नन्हे बच्चों को गोद में लेकर मैदान पहुंचीं और लंबी दौड़, ऊंची कूद, कबड्डी, तीरंदाजी, बैडमिंटन, कराटे, वॉलीबॉल एवं रस्साकशी जैसी प्रतियोगिताओं में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
बस्तर ओलंपिक अब केवल खेल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि ग्रामीण अंचलों में विश्वास, सामाजिक सहभागिता और सकारात्मक बदलाव का उत्सव बनता जा रहा है। प्रतियोगिता में शामिल महिला खिलाड़ियों ने आयोजन की व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए बताया कि दूर-दराज से पहुंचे खिलाड़ियों के लिए नाश्ते से लेकर दोपहर के भोजन तक बेहतर इंतजाम किए गए हैं। जिला प्रशासन की इस पहल से खिलाड़ियों को प्रोत्साहन के साथ अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिल रहा है। खिलाड़ियों ने इस आयोजन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार भी व्यक्त किया।
कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं। खिलाड़ियों के लिए स्वच्छ पेयजल, छायादार स्थान, बैठने की व्यवस्था, पौष्टिक भोजन और स्वास्थ्य जांच शिविर की सुविधा उपलब्ध कराई गई है। आकर्षक सेल्फी स्टैंड भी खिलाड़ियों और ग्रामीणों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। एसडीएम श्री सूरज कश्यप सहित संबंधित अधिकारी मैदान में उपस्थित रहकर व्यवस्थाओं की सतत निगरानी कर रहे हैं, ताकि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
16 से 19 नवंबर तक आयोजित क्लस्टर स्तरीय प्रतियोगिताओं के बाद 20 से 23 नवंबर तक विकासखंड स्तर तथा 26 एवं 27 नवंबर को हड़मा स्टेडियम और पुलिस लाइन मैदान सुकमा में जिला स्तरीय स्पर्धाएं आयोजित होंगी। जूनियर एवं सीनियर वर्ग में विभिन्न खेल विधाओं के माध्यम से ग्रामीण प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का अवसर दिया जा रहा है। जिला प्रशासन की यह पहल खेल प्रतिभाओं को मंच देने के साथ युवाओं की ऊर्जा को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रही है। खेलों के माध्यम से दूरस्थ अंचलों में शांति, विश्वास और सामाजिक समरसता को मजबूत करने का यह प्रयास बस्तर को नई पहचान देने के साथ भविष्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रहा है।