नयापारा मुख्य मार्ग का रुका काम जल्द होगा शुरू, एक सप्ताह में अस्थायी राहत का दावा

जगदलपुर। जिला न्यायालय से हाता मैदान तक निर्माणाधीन नयापारा मुख्य मार्ग के रुके हुए कार्य को जल्द शुरू करने की कवायद तेज हो गई है। करीब 1 करोड़ 94 लाख 47 हजार रुपये की लागत से चल रहे सड़क चौड़ीकरण एवं उन्नयन कार्य के लिए अब 2 करोड़ 64 लाख 19 हजार रुपये का संशोधित प्राक्कलन शासन की स्वीकृति के लिए भेजा गया है। वहीं दशहरा और दीपावली जैसे प्रमुख पर्वों को देखते हुए अधूरी सड़क से उड़ रही धूल और गड्ढों से आम लोगों को हो रही परेशानी को तत्काल दूर करने का दावा किया गया है।

मोतीलाल नेहरू वार्ड के भाजपा पार्षद आलोक अवस्थी ने बस्तर जिला पत्रकार संघ भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि अधूरी सड़क को हरसंभव प्रयास कर एक सप्ताह के भीतर आवागमन के लिहाज से सुगम बनाने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान वार्डवासियों और राहगीरों को परेशानी न हो, इसके लिए भाजपा के वरिष्ठ नेताओं से भी चर्चा की गई है।

आलोक अवस्थी ने सड़क चौड़ीकरण कार्य के लिए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव के प्रयासों के प्रति आभार जताया। उन्होंने कहा कि नयापारा मुख्य मार्ग का चौड़ीकरण क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही जरूरत है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पार्षद के मुताबिक, लोक निर्माण विभाग द्वारा तैयार किए गए मूल प्राक्कलन में सड़क निर्माण से जुड़े कई जरूरी कार्यों का पर्याप्त प्रावधान नहीं किया गया था। इनमें विद्युत पोल और ट्रांसफार्मर की शिफ्टिंग, पाइप लाइन और पंप हाउस को हटाना, पेड़ों की कटाई तथा बड़ी नाली का निर्माण शामिल था। इन कार्यों के लिए प्रावधान नहीं होने के कारण सड़क चौड़ीकरण का काम बीच में अटक गया।

अब लोक निर्माण विभाग ने संशोधित प्राक्कलन तैयार कर शासन को भेजा है। इसमें विद्युत पोल शिफ्टिंग के लिए 38.33 लाख रुपये, पाइप लाइन शिफ्टिंग के लिए 23.28 लाख रुपये और पेड़ों की कटाई के लिए 6 लाख रुपये का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा बड़ी नाली के निर्माण के लिए भी राशि बढ़ाई गई है।

आलोक अवस्थी ने बताया कि बस्तर प्रवास पर पहुंचे उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव को ज्ञापन सौंपकर संशोधित प्राक्कलन को जल्द मंजूरी देने का आग्रह किया गया है। वहीं उप मुख्यमंत्री एवं बस्तर प्रभारी मंत्री विजय शर्मा का भी इस मामले में ध्यान आकर्षित कराया गया है। बस्तर सांसद महेश कश्यप और महापौर संजय पाण्डेय के सहयोग और प्रयास का भी उन्होंने उल्लेख किया।

तीन मीटर से बढ़कर होगी दस मीटर चौड़ी सड़क

नयापारा मुख्य मार्ग की कुल लंबाई करीब 600 मीटर है। वर्तमान में सड़क की चौड़ाई कई हिस्सों में महज तीन मीटर है, जबकि करीब 150 मीटर हिस्सा बेहद संकरा है। प्रस्तावित चौड़ीकरण के बाद ड्रेन से ड्रेन तक सड़क की चौड़ाई करीब 10 मीटर हो जाएगी। इससे यातायात व्यवस्था में सुधार के साथ क्षेत्र के लोगों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

फिलहाल सड़क निर्माण पूरा होने तक सबसे बड़ी चुनौती धूल और गड्ढों से राहत दिलाना है। पार्षद ने कहा कि तत्काल प्राथमिकता अधूरी सड़क को धूल रहित और आवागमन योग्य बनाना है। उन्होंने दावा किया कि चौड़ीकरण का काम भी जल्द शुरू होगा और आने वाले समय में नयापारा मुख्य मार्ग शहर की बेहतर सड़कों में शामिल होगा।

पत्रकार वार्ता में आर्येंद्र सिंह आर्य, अजय शंकर त्रिवेदी, विक्रम सिंह यादव, विनय राजू, साहब मौर्य और अच्युत सामंत मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *