नारायणपुर। अबूझमाड़ के दुर्गम अंचल में बाढ़ की मार झेल रहे परिवारों की मदद के लिए अबूझमाड़िया समाज जिला नारायणपुर आगे आया। समाज की ओर से शनिवार को ब्रेहबेड़ा, विकासखंड ओरछा में बाढ़ प्रभावित परिवारों को आवश्यक राहत सामग्री वितरित की गई। इस दौरान प्रभावित परिवारों को दैनिक जरूरत की सामग्री उपलब्ध कराकर उनके साथ खड़े रहने का संदेश दिया गया।
समाज की ओर से कदेर, ब्रेहबेड़ा, इमलीपदर (ताहकाडोंड) और ढोण्डरी गांवों के बाढ़ प्रभावित परिवारों को राहत सामग्री वितरित की गई। राहत सामग्री में चावल, राशन किट, बाल्टी, तिरपाल और कंबल शामिल रहे। दुर्गम क्षेत्र में पहुंचकर सामग्री वितरण किए जाने से प्रभावित परिवारों को तत्काल जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध हो सकीं
लगातार बारिश और बाढ़ से प्रभावित परिवारों के सामने रोजमर्रा की जरूरतों को पूरा करने की चुनौती बनी हुई है। ऐसे समय में अबूझमाड़िया समाज की इस पहल ने प्रभावित परिवारों को राहत पहुंचाने के साथ सामाजिक सहयोग और सामुदायिक जिम्मेदारी की मिसाल पेश की।समाज के लोगों ने कहा कि आपदा की घड़ी में एक-दूसरे का साथ देना ही सबसे बड़ी मानवता है। राहत सामग्री के माध्यम से प्रभावित परिवारों तक मदद पहुंचाने का प्रयास इसी भावना का हिस्सा हैअबूझमाड़ जैसे दुर्गम एवं वनांचल क्षेत्र में बाढ़ प्रभावित परिवारों तक राहत सामग्री पहुंचाना अपने आप में महत्वपूर्ण पहल रही। समाज की ओर से किए गए इस सहयोग ने ‘मुश्किल वक्त में कोई अकेला नहीं’ का संदेश दिया। राहत वितरण के दौरान ग्रामीणों और समाज के लोगों की मौजूदगी रही।