माड़ मैत्री अभियान के तहत कौशल विकास प्रशिक्षण सम्पन्न, युवाओं को मिला रोजगारोन्मुख प्रशिक्षण

नारायणपुर, 19 जून . 41वीं वाहिनी भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल (आईटीबीपी) द्वारा माड़ मैत्री अभियान के अंतर्गत कंपनी ऑपरेटिंग बेस (सीओबी) कुतुल में आयोजित एक सप्ताह का कौशल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम सफलतापूर्वक सम्पन्न हो गया। कार्यक्रम का शुभारंभ 7 जून 2026 को सेनानी श्री बेनुधर नायक के मार्गदर्शन तथा कुतुल कैम्प कमांडर एवं कार्यवाहक सहायक सेनानी मो. फारूक के नेतृत्व में किया गया था।

प्रशिक्षण में कुतुल एवं फरसगांव क्षेत्र के पांच युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रशिक्षित एवं अनुभवी प्रशिक्षकों द्वारा युवाओं को इलेक्ट्रीशियन, कारपेंटर एवं मेसन ट्रेड से संबंधित व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण अवधि के दौरान आईटीबीपी द्वारा प्रतिभागियों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की गई। कार्यक्रम के समापन अवसर पर 19 जून 2026 को सीओबी कुतुल में आयोजित समारोह में सभी प्रशिक्षित युवाओं को इलेक्ट्रीशियन किट, जिसमें प्लास एवं मल्टीपर्पज पेचकस शामिल थे, निःशुल्क वितरित किए गए। प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं ने कार्यक्रम को उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे उन्हें रोजगार के नए अवसरों की जानकारी और आवश्यक कौशल प्राप्त हुआ है। उन्होंने भविष्य में ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रमों में अपने गांव के अन्य युवाओं को भी शामिल होने के लिए प्रेरित करने की बात कही।

आईटीबीपी अधिकारियों ने बताया कि अबूझमाड़ जैसे दूरस्थ क्षेत्रों में युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने, रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने तथा विकास, स्वास्थ्य एवं खुशहाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस प्रकार के जनकल्याणकारी कार्यक्रम आगे भी निरंतर संचालित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के साथ सेवा की भावना से संचालित ये प्रयास ग्रामीण क्षेत्रों में सकारात्मक बदलाव लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *