जगदलपुर पथरागुड़ा क्षेत्र में सोमवार को एक पुलिस जवान द्वारा अपने ही घर में कथित तौर पर स्वयं पर गोली चलाए जाने की घटना सामने आई है। घटना के बाद जवान को तत्काल उपचार के लिए महारानी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की पुष्टि नगर पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार ने की है। उन्होंने बताया कि जवान को मामूली चोट आई है और फिलहाल उसकी स्थिति ठीक बताई जा रही है।
घायल जवान की पहचान विजय जेना के रूप में हुई है। वह वर्तमान में प्रशिक्षु डीएसपी सुमित चंद्रा के गनमैन के पद पर पदस्थ है।
घटना के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है। मामले में कोतवाली पुलिस द्वारा जांच की जा रही है। पुलिस घटना के पीछे की परिस्थितियों और कारणों का पता लगाने में जुटी है।