जगदलपुर। भारत के 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर भारत संचार निगम लिमिटेड (BSNL) ने देशवासियों और अपने ग्राहकों को शुभकामनाएं देते हुए दूरसंचार सेवाओं के विस्तार तथा ग्राहक सुविधाओं से जुड़ी कई नई पहलों की घोषणा की है। कंपनी ने किफायती, भरोसेमंद और बेहतर डिजिटल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने पर जोर दिया है।
BSNL देशभर में 26,300 से अधिक नए 4G BTS साइटों का विस्तार करने जा रहा है। इससे विशेष रूप से ग्रामीण और दूरदराज क्षेत्रों में नेटवर्क कवरेज बढ़ाने, कॉल गुणवत्ता सुधारने और तेज इंटरनेट सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। कंपनी का स्वदेशी 4G नेटवर्क भविष्य में 5G तकनीक में अपग्रेड किए जाने योग्य है।
ग्राहकों के लिए ₹1 Freedom 2.0 ऑफर सहित कई आकर्षक योजनाएं पेश की गई हैं। इसमें प्रतिदिन 1 जीबी डेटा, 100 एसएमएस, अनलिमिटेड वॉयस कॉल और 24 दिनों की वैधता शामिल है। वहीं ₹1,111 प्रतिमाह के ब्रॉडबैंड प्लान में 200 Mbps तक की स्पीड, 5,000 GB मासिक डेटा और प्रीमियम OTT सेवाओं का लाभ दिया जा रहा है।
ग्राहकों की सुविधा के लिए BSNL Selfcare ऐप को भी नई सुविधाओं के साथ उपलब्ध कराया गया है। इसके माध्यम से रिचार्ज, बिल भुगतान, शिकायत दर्ज करना, शिकायत की स्थिति देखना, DND प्रबंधन और फाइबर बुकिंग जैसे कार्य आसानी से किए जा सकते हैं। इसके अलावा BSNL Free Entertainment TV के माध्यम से करीब 500 लाइव टीवी चैनलों की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है।
BSNL ने दूरदराज क्षेत्रों में सैटेलाइट कनेक्टिविटी और ‘मेक इन इंडिया’ के तहत स्वदेशी दूरसंचार उपकरणों के निर्माण को भी बढ़ावा देने की बात कही है। कंपनी का कहना है कि इन पहलों का उद्देश्य देश में डिजिटल कनेक्टिविटी को मजबूत करना और आत्मनिर्भर भारत के निर्माण में योगदान देना है।