जगदलपुर। नगर निगम के नेता प्रतिपक्ष राजेश चौधरी ने महापौर संजय पांडे पर निशाना साधते हुए सेवानिवृत्त कर्मचारियों के सम्मान समारोह को लेकर सवाल उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों को शाल-श्रीफल देकर सम्मानित करना अच्छी परंपरा है, लेकिन वर्षों तक उनकी मेहनत की कमाई का भुगतान रोकना और बाद में समारोह आयोजित कर वाहवाही लूटना महापौर की उपलब्धि नहीं, बल्कि प्रशासनिक विफलता का प्रमाण है।
राजेश चौधरी ने आरोप लगाया कि नगर निगम के सेवानिवृत्त कर्मचारियों को जीपीएफ, सीपीएफ, परिवार कल्याण निधि सहित अन्य देय राशियों के भुगतान के लिए महीनों तक दफ्तरों के चक्कर लगाने पड़े। पूर्व में सेवानिवृत्ति के दिन ही कर्मचारियों को सम्मानजनक विदाई के साथ उनकी देय राशि का भुगतान किया जाता था, लेकिन वर्तमान व्यवस्था में उन्हें अपने अधिकारों के लिए इंतजार करना पड़ा।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्षद दल ने लगातार निगम की बैठकों में कर्मचारियों के लंबित भुगतान का मुद्दा उठाया और दबाव बनाया। इसके बाद अब टाउन हॉल में समारोह आयोजित कर महापौर इसे अपनी उपलब्धि बताने में जुटे हैं।
चौधरी ने सवाल किया कि कर्मचारियों की देय राशि लगभग तीन वर्षों तक लंबित क्यों रही और इसके लिए जिम्मेदार कौन है? उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्ति की राशि किसी महापौर की कृपा नहीं, बल्कि कर्मचारियों की वर्षों की सेवा और मेहनत का अधिकार है।
उन्होंने महापौर से फोटो सेशन और प्रचार की राजनीति छोड़कर कर्मचारियों के अधिकारों, शहर की समस्याओं और निगम की जवाबदेही पर ध्यान देने की मांग की।