पहले ही महीने में 151 बच्चों के वजन में हुई सकारात्मक वृद्धि
29 बच्चे अति गंभीर कुपोषण (SAM) से मध्यम गंभीर कुपोषण (MAM) की श्रेणी में आए
नारायणपुर, 31 अक्टूबर राज्य सरकार की मंशा के अनुरूप जिले में कुपोषण के विरुद्ध प्रभावी पहल करते हुए बच्चों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में सुधार लाने के उद्देश्य से पोषण लड्डू वितरण कार्यक्रम संचालित किया जा रहा है। कलेक्टर नम्रता जैन के विशेष मार्गदर्शन में महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा सितंबर 2026 से प्रारंभ की गई इस पहल के सकारात्मक परिणाम सामने आने लगे हैं। कार्यक्रम के पहले ही महीने में जिले के 151 बच्चों के वजन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई है। वहीं 92 बच्चों ने कुपोषण की गंभीर श्रेणियों से बाहर निकलकर बेहतर पोषण स्तर की ओर प्रगति की है।
जिले के सभी आंगनबाड़ी केंद्रों के माध्यम से संचालित इस कार्यक्रम के अंतर्गत 3 से 6 वर्ष आयु वर्ग के बच्चों को प्रतिदिन 25 ग्राम का एक पौष्टिक पोषण लड्डू उपलब्ध कराया जा रहा है। इसमें अति गंभीर कुपोषित (SAM) एवं मध्यम गंभीर कुपोषित (MAM) बच्चों सहित सभी बच्चों को शामिल किया गया है। वर्तमान में जिले के कुल 9,084 चिन्हांकित बच्चों को इस पहल का लाभ दिया जा रहा है। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य बच्चों को नियमित रूप से अतिरिक्त पोषण उपलब्ध कराकर कुपोषण की स्थिति में सुधार लाना तथा उनके स्वस्थ शारीरिक विकास को सुनिश्चित करना है।
कार्यक्रम के प्रारंभिक परिणाम उत्साहजनक हैं। सितंबर 2026 माह में किए गए मूल्यांकन के अनुसार कुल 151 बच्चों के वजन में सकारात्मक वृद्धि दर्ज की गई। इनमें 29 बच्चे अति गंभीर कुपोषण (SAM) की श्रेणी से निकलकर मध्यम गंभीर कुपोषण (MAM) की श्रेणी में आए हैं। इसी प्रकार 63 बच्चे मध्यम गंभीर कुपोषण (MAM) की श्रेणी से सामान्य पोषण स्तर की श्रेणी में पहुंचने में सफल हुए हैं। इस प्रकार कुल 92 बच्चों ने कुपोषण की गंभीर श्रेणियों से बाहर निकलकर पोषण स्तर में उल्लेखनीय सुधार की दिशा में कदम बढ़ाया है।
यह उपलब्धि जिले में कुपोषण मुक्ति के लिए किए जा रहे निरंतर प्रयासों का सकारात्मक परिणाम है। नियमित पोषण आहार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सक्रिय सहभागिता, बच्चों के स्वास्थ्य एवं वजन की सतत निगरानी और विभागीय समन्वय से इस कार्यक्रम को प्रभावी ढंग से संचालित किया जा रहा है। कार्यक्रम के बेहतर क्रियान्वयन, तकनीकी मार्गदर्शन एवं निगरानी के लिए यूनिसेफ, राज्य उत्कृष्टता केंद्र, बाल एवं शिशु रोग विभाग तथा एम्स रायपुर द्वारा भी तकनीकी सहयोग प्रदान किया जा रहा है।
नारायणपुर जिले में पोषण लड्डू वितरण की यह पहल बच्चों को कुपोषण से मुक्त करने, उनके शारीरिक विकास को गति देने तथा स्वस्थ बचपन सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है। जिला प्रशासन का प्रयास है कि योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र बच्चे तक पहुंचे और नियमित निगरानी एवं प्रभावी क्रियान्वयन के माध्यम से जिले को कुपोषण मुक्त बनाने की दिशा में निरंतर प्रगति की जाए।