सड़कों पर मलबा और गंदगी फैलाने वालों पर नगर निगम की कार्रवाई

व्यावसायिक संस्थानों पर 17500 रुपए का जुर्माना

​जगदलपुर, 31 अक्टूबर 2026/ शहर को स्वच्छ, सुंदर और यातायात के लिए सुगम बनाए रखने के उद्देश्य से नगर पालिक निगम प्रशासन द्वारा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध अभियान तेज कर दिया गया है। इसी कड़ी में नगर निगम की उड़नदस्ता टीमों ने शहर के विभिन्न वार्डों में औचक निरीक्षण कर सड़कों पर मलबा फेंकने, नाली अवरुद्ध करने और सार्वजनिक परिसर में गंदगी फैलाने वाले व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर सख्त कार्रवाई करते हुए कुल 17500 रुपए की चालानी कार्रवाई की।

​ नगर निगम के दल द्वारा निरीक्षण अभियान के दौरान गांधीनगर वार्ड में संचालित अनीश मेंस वेयर द्वारा सरकारी भवन परिसर में गंदगी फैलाए जाने पर 5000 रुपए का अर्थदंड लगाया गया। वहीं दूसरी ओर मुख्य मार्गों पर निर्माण सामग्री और मलबा फैलाकर जल निकासी को बाधित करने के मामलों में दूल्हा साहब कपड़ा दुकान पर 5000 रुपए तथा प्रताप देव वार्ड अंतर्गत तस्वीर इलेक्ट्रॉनिक्स पर 2500 रुपए का जुर्माना लगाया गया। इसी प्रकार बालाजी वार्ड में स्थित बंसल नर्सिंग होम द्वारा सड़क और नाली पर मलबा डालकर मार्ग अवरुद्ध करने की लापरवाही सामने आने पर 5000 रुपए की चालानी कार्रवाई की गई। इस कार्रवाई के दौरान नगर निगम अधिकारियों ने मौके पर ही जुर्माने की राशि वसूलते हुए संबंधित पक्षों को कड़ी चेतावनी दी कि भविष्य में यदि दोबारा सार्वजनिक मार्गों अथवा नालियों को अवरुद्ध किया गया, तो उनके खिलाफ वैधानिक व दंडात्मक कदम उठाए जाएंगे। निगम प्रशासन ने आम जनता और व्यापारियों से अपील की है कि वे नालियों व सड़कों पर कचरा या निर्माण सामग्री न डालें तथा शहर की स्वच्छता व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में जिम्मेदारी निभाएं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *