विधायक चैतराम अटामी ने NMDC अधिकारियों को दी कड़ी चेतावनी

दंतेवाड़ा / जिले के बचेली में राष्ट्रीय खनिज विकास निगम (NMDC) प्रबंधन द्वारा मुख्य मार्गों पर गेट निर्माण कराए जाने को लेकर विवाद गहरा गया है। स्थानीय लोगों और जनप्रतिनिधियों ने निर्माण पर आपत्ति जताते हुए आरोप लगाया है कि नगर पालिका की अनुमति और स्थानीय नागरिकों की सहमति के बिना ही गेट लगाए जा रहे हैं।

मामले की जानकारी मिलने पर कल शाम दंतेवाड़ा विधायक चैतराम अटामी मौके पर पहुंचे और एनएमडीसी अधिकारियों के सामने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए तत्काल निर्माण कार्य रोकने तथा विवादित गेट हटाने की मांग की।
मौके पर एनएमडीसी अधिकारियों से चर्चा के दौरान विधायक चैतराम अटामी ने गेट निर्माण को लेकर तीखे सवाल उठाए। उन्होंने अधिकारियों से पूछा कि आखिर किसकी अनुमति से मुख्य मार्ग पर गेट का निर्माण कराया जा रहा है?

उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और नगर पालिका को विश्वास में लिए बिना इस तरह का निर्माण कैसे किया जा सकता है।अटामी ने राष्ट्रीय खनिज विकास से तत्काल निर्माण कार्य बंद करने और विवादित गेट हटाने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि स्थानीय लोगों की आपत्तियों को नजरअंदाज किया गया तो जनता सड़कों पर उतरकर विरोध कर सकती है।
विधायक चैतराम अटामी ने जिला प्रशासन और एनएमडीसी प्रबंधन से मामले में तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। उन्होंने सुझाव दिया कि नगर पालिका, स्थानीय जनप्रतिनिधियों और संबंधित समन्वय समिति के सदस्यों की संयुक्त बैठक बुलाई जाए। बैठक में गेट निर्माण की आवश्यकता, स्थानीय लोगों को होने वाली संभावित परेशानियों और वैकल्पिक व्यवस्था पर चर्चा की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *