जगदलपुर. छत्तीसगढ़ के पुलिस विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। राज्य शासन ने IPS बद्रीनारायण मीणा को बस्तर रेंज का नया पुलिस महानिरीक्षक (IG) नियुक्त किया है। मीणा आईपीएस सुंदरराज पी की जगह लेंगे। आईपीएस सुंदरराज पी को राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया है। आईपीएस बद्रीनाराययण मीणा पुलिस मुख्यालय नवा रायपुर में पदस्थ थे। उन्हें गुरुवार, 25 जून को सिंगल आदेश पर बस्तर का आईजी बनाया गया है। मीणा इससे पहले दुर्ग रेंज के आईजी और एसएसपी भी रह चुके हैं। 2004 बैच के इस आईपीएस अधिकारी ने बिलासपुर में एडिशनल एसपी के रूप में भी सेवाएं दी हैं।
IG सुंदरराज पी को NIA में प्रतिनियुक्ति इससे पहले 16 जून को बस्तर आईजी सुंदरराज पी को NIA में प्रतिनियुक्ति पर भेजने के आदेश जारी हुए थे।

सुंदरराज पी के करियर में ऐतिहासिक नक्सलवाद खात्मे कहानी दर्ज है। इन्हीं के रहते छत्तीसगढ़ से नक्सलवाद को पूरी तरह खत्म कर दिया गया।
आईपीएस बद्रीनारायण मीणा छत्तीसगढ़ कैडर के 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी हैं। मूल रूप से वे राजस्थान के जयपुर जिले के रहने वाले हैं। उनके पिता जनगणना विभाग में कार्यरत थे। बद्री मीणा ने अपनी स्कूली और कॉलेज की पढ़ाई जयपुर में ही पूरी की।
मीणा ने सनफ्लावर पब्लिक स्कूल से दसवीं और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पोद्दार से बारहवीं की पढ़ाई की। इसके बाद राजस्थान कॉलेज, जयपुर से वर्ष 2000 में बीए किया।
यूपीएससी की तैयारी के दौरान उन्होंने पहली बार 2001 में परीक्षा दी और बाद में 2004 बैच के आईपीएस अधिकारी बने। बद्री मीणा के भाई श्रवण मीणा भी इसी बैच के आईपीएस अधिकारी रहे। हालांकि, बाद में श्रवण मीणा ने दोबारा UPSC परीक्षा पास कर भारतीय राजस्व सेवा (IRS) जॉइन की।