दिल्ली में नारायणपुर के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन, एशियन चैम्पियनशिप के लिए चयन

नारायणपुर। राजधानी दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 24 से 27 जून तक आयोजित मत्सोगी-डो इंटरनेशनल चैम्पियनशिप में नारायणपुर के खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए जिले और छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन के आधार पर तीन खिलाड़ियों का चयन अब एशियन चैम्पियनशिप के लिए हुआ है।

प्रतियोगिता में तन्मय कतलाम ने स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। वहीं शिवम् नांदर ने रजत पदक और युवांश कुमार साहू ने कांस्य पदक हासिल कर जिले के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि दर्ज की।

तीनों खिलाड़ी पिछले तीन वर्षों से अबूझमाड़ स्थित नारायणपुर में नियमित रूप से मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण ले रहे हैं। प्रतियोगिता से पहले उन्होंने कड़ी मेहनत और लगातार अभ्यास किया, जिसका परिणाम राष्ट्रीय स्तर पर पदकों के रूप में सामने आया। अब उन्हें एशियन चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिलेगा।

जिला किकबॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों की इस सफलता को जिले के खेल इतिहास के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। संघ के अध्यक्ष जोमोन टी.डी., कोषाध्यक्ष जगजीवन साहू, शकुंतला साहू, अभिषेक बनर्जी, रामसाय वड्डे, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य, कोच बलराम पुरी तथा अंजलि कांगे ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि खिलाड़ी एशियन चैम्पियनशिप में भी शानदार प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *