पहली बार बिजली से रोशन हुआ गुंडराजगुड़ेम, नक्सलगढ़ में पहुंची विकास की नई किरण

सुकमा-बीजापुर सीमावर्ती ग्राम गुंडराजगुड़ेम में आजादी के बाद पहली बार बिजली पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह का माहौल है। 10 मई 2026 को सुरक्षा बलों और प्रशासन के समन्वित प्रयासों से गांव में ट्रांसफार्मर स्थापना और विद्युत लाइन विस्तार का कार्य पूरा कर सफलतापूर्वक विद्युत आपूर्ति शुरू की गई।

यह इलाका लंबे समय तक माओवादियों के प्रभाव वाला क्षेत्र रहा, जिसके कारण यहां विकास कार्य पूरी तरह बाधित थे। क्षेत्र के नक्सल मुक्त होने के बाद अब प्रशासन लगातार मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध कराने में जुटा है। जिला पुलिस सुकमा और सीआरपीएफ ने संयुक्त अभियान चलाकर क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की, जिससे विकास कार्यों के लिए अनुकूल माहौल तैयार हो सका।

दुर्गम और संवेदनशील क्षेत्र होने के बावजूद विद्युत विभाग ने ट्रांसफार्मर स्थापित कर गांव तक बिजली पहुंचाई। अधिकारियों के अनुसार यह उपलब्धि सुरक्षा और विकास के बेहतर तालमेल का परिणाम है। मानसून जैसी कठिन परिस्थितियों में भी सुरक्षा कैंप स्थापित कर लगातार अभियान चलाए गए, जिसके चलते यह कार्य संभव हो पाया।

बिजली पहुंचते ही ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए प्रशासन और सुरक्षा बलों का आभार व्यक्त किया। ग्रामीणों का कहना है कि अब गांव में शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और रोजगार के अवसरों में सुधार होगा तथा विकास की नई राह खुलेगी।

गुंडराजगुड़ेम में बिजली पहुंचना नक्सल प्रभावित क्षेत्र में शांति, विश्वास और विकास को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *