कोटमहर गार्डन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन

वनमंत्री केदार कश्यप ने किया योगाभ्यास कार्यक्रम को किया संबोधित

नारायणपुर: 21 जून . जिले के कोटमहर गार्डन में 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का आयोजन बड़े उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री श्री केदार कश्यप ने की। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संदेश दिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री केदार कश्यप ने कहा कि योग केवल शारीरिक व्यायाम नहीं, बल्कि स्वस्थ और संतुलित जीवन जीने की एक प्राचीन भारतीय पद्धति है। उन्होंने कहा कि योग की शुरुआत देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वैश्विक स्तर पर एक जन आंदोलन के रूप में हुई, जिसके परिणामस्वरूप आज पूरी दुनिया योग को अपना रही है। योग तन और मन दोनों के लिए अत्यंत आवश्यक है तथा इसके नियमित अभ्यास से व्यक्ति शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रहता है।
श्री कश्यप ने कहा कि भारत ने योग के माध्यम से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाई है। आज विश्व के अनेक देशों में लोग योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना रहे हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे नियमित रूप से योग करें और अपने परिवार तथा समाज को भी इसके लिए प्रेरित करें।
कार्यक्रम के दौरान निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार सामूहिक योगाभ्यास कराया गया। उपस्थित लोगों ने विभिन्न योगासन एवं प्राणायाम का अभ्यास कर स्वस्थ जीवन शैली अपनाने का संकल्प लिया। योग प्रशिक्षकों द्वारा योग के महत्व एवं उसके लाभों की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ राज्य सहकारिता लघु वनोपज संघ के अध्यक्ष श्री रूपसाय सलाम, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री नारायण मरकाम, नगर पालिका अध्यक्ष श्री इंद्रप्रसाद बघेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री प्रतापसिंह मंडावी, पुलिस अधीक्षक श्री रॉबिंसन गुड़िया, जिला पंचायत सीईओ सुश्री आकांक्षा शिक्षा खलखो, डीएफओ डॉ. वेंकटेशा एम.जी., अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र बहादुर पंचभाई तथा एसडीएम श्री अभयजीत मंडावी सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।
इसके अलावा जिला पंचायत एवं जनपद पंचायत के सदस्यगण, नगर पालिका परिषद के पार्षदगण, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी, कर्मचारी तथा नागरिक भी कार्यक्रम में शामिल हुए। सभी ने योग के महत्व को समझते हुए इसे दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।
योग दिवस के इस आयोजन ने स्वास्थ्य, सकारात्मकता और सामूहिक सहभागिता का संदेश देते हुए जिलेवासियों को योग के प्रति जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं जनकल्याण की कामना के साथ किया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *