
केशकाल (टाटामारी) । अंतरराष्ट्रीय भरथरी गायिका सुरूज बाई खांडे की जयंती के अवसर पर सुरूज ट्रस्ट द्वारा टाटामारी, केशकाल में चौथे सुरूज सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य स्थानीय स्तर पर विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य कर रहे व्यक्तियों की पहचान कर उनके योगदान को सम्मानित करना रहा।
इस वर्ष साहित्य के क्षेत्र में किरण नीरूटी एवं शिव कुमार पांडे को सम्मानित किया गया। पत्रकारिता क्षेत्र में प्रिंट मीडिया के लिए मनोज गोयल तथा इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के लिए प्रकाश नाग को सम्मान प्रदान किया गया।
काष्ठ कला के क्षेत्र में गंगा भट्ट एवं राजकुमार कोराम, लौह शिल्प के लिए सुरेश पोयाम एवं अगर बत्ती पोयाम तथा पीतल शिल्प के लिए सिकंदर को सम्मानित किया गया।
चित्रकला के क्षेत्र में सुभाष पांडे एवं लतिका वैष्णव, लोकगीत के लिए हिमानी वासनिक तथा उदेलाल मारकंडे को सम्मान प्रदान किया गया। अभिनय क्षेत्र में लाल जी कोर्राम एवं मालती ध्रुव को सम्मानित किया गया।
वन्यजीव फोटोग्राफी के लिए लाल बहादुर, पर्यटन क्षेत्र में रिजवान खान एवं लक्ष्मी साहू, महिला सशक्तिकरण के लिए वनिका तथा वन्यजीव संरक्षण के लिए रमेश कुमार जैन को सम्मान दिया गया।
इस वर्ष सुरूज ट्रस्ट द्वारा “सुरूज सृजन सम्मान” की नई शुरुआत भी की गई। इस सम्मान का पहला पुरस्कार जगदलपुर के लोक साहित्यकार रुद्र नारायण पाणिग्रही को साहित्य के प्रति उनके समर्पण और योगदान के लिए प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में इंग्लैंड की समाजसेविका एवं पर्यटन संचालक सोफी हार्टमेन उपस्थित रहीं। विशिष्ट अतिथि मनोज पाठक थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता रुद्र नारायण पाणिग्रही ने की।
समारोह में कला, साहित्य, पत्रकारिता, लोकसंस्कृति एवं सामाजिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। कार्यक्रम के माध्यम से स्थानीय प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनके योगदान को नई पहचान देने का प्रयास किया गया।