कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने बकावंड ब्लॉक के चिउरगांव में बस्तर मुन्ने शिविर का लिया जायजा

जगदलपुर, 02 मई  कमिश्नर बस्तर संभाग श्री डोमन सिंह ने शनिवार को बस्तर जिले के बकावंड विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत चिउरगांव में बस्तर मुन्ने अभियान के तहत आयोजित शिविर का जायजा लिया और पंचायत प्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों से रूबरू होकर उनकी समस्याओं को सुना और त्वरित निराकरण के निर्देश दिए।उन्होंने चिन्हित 31 हितग्राहीमूलक योजनाओं से पात्र सभी ग्रामीणों को लाभान्वित कर सेचुरेशन किए जाने कहा। साथ ही 14 सामुदायिक अधोसंरचना विकास को प्राथमिकता देकर सुनिश्चित किए जाने के निर्देश दिए।

इस दौरान कमिश्नर श्री सिंह ने कहा कि शिविर में आधार पंजीयन से छूटे हुए ग्रामीणों को लक्षित कर उनका पंजीयन अवश्य कराया जाए ताकि इन ग्रामीणों को राशन कार्ड, आयुष्मान कार्ड आदि से लाभान्वित किया जा सके और पात्रता के अनुसार वनाधिकार मान्यता पत्र , सामाजिक सहायता कार्यक्रम पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, स्वाइल हेल्थ कार्ड, किसान क्रेडिट कार्ड इत्यादि 31 महत्वपूर्ण योजनाओं से सेचुरेशन किया जाए । उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इन शिविरों में आधार ऑपरेटरों सहित सभी लोक सेवाओं से संबंधित विभागों के मैदानी कर्मचारियों की उपस्थिति अनिवार्य होगी, ताकि ग्रामीणों को अपने छोटे-छोटे कार्यों के लिए सहूलियत मिल सके। उन्होंने बस्तर मुन्ने शिविर में गाँव के बुनियादी ढांचे जैसे हर घर तक पानी की सुचारू आपूर्ति, बिजली,सड़क, स्कूल-आंगनबाड़ी भवन की स्थिति के बारे में जानकारी ली। वहीं महिला स्व सहायता समूहों के सदस्य दीदियों से उनके द्वारा संचालित कुक्कुट पालन, बकरीपालन, साग-सब्जी उत्पादन जैसी आयमूलक गतिविधियों के बारे में पूछा और इन दीदियों का उत्साहवर्धन किया।इस दौरान कमिश्नर ने आगामी जनगणना का भी जिक्र करते हुए ग्रामीणों से अपील किया कि वे गाँवों में आने वाले प्रगणकों को सही जानकारी देकर सहयोग करें, ताकि भविष्य की योजनाओं का खाका मजबूती से तैयार किया जा सके। इस मौके पर एसडीएम श्री मनीष वर्मा, तहसीलदार श्री रुपेश मरकाम, सीईओ जनपद पंचायत श्री पारेश्वर कुर्रे सहित अन्य विभागों के अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *