सुकमा. जिले के छिंदगढ़ विकासखंड के ग्राम धनिकोड़ता में जनगणना कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा कर एक मिसाल पेश की गई है। प्रगणक एवं सहायक शिक्षक श्री कलाराम बारसे ने अपनी मेहनत, लगन और जिम्मेदारी के बल पर महज 6 दिनों में पूरे गांव की जनगणना का कार्य सफलतापूर्वक पूर्ण कर लिया। लगभग 870 से अधिक आबादी और 167 मकानों वाले इस गांव में इतने कम समय में कार्य पूरा होना प्रशासनिक कार्यकुशलता का उत्कृष्ट उदाहरण माना जा रहा है। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन तथा एसडीएम श्री पीवी खेस और तहसीलदार छिंदगढ़ श्री अम्बर गुप्ता के मार्गदर्शन में यह कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुआ।
श्री कलाराम बारसे ने बताया कि जनगणना के दौरान उन्हें कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। स्थानीय बोली को पूरी तरह समझ नहीं पाने के कारण संवाद में कठिनाई आई, लेकिन उन्होंने इसे बाधा नहीं बल्कि सेवा का अवसर मानते हुए पूरी निष्ठा के साथ कार्य जारी रखा। उनकी सक्रियता और समर्पण के चलते गांव में जनगणना कार्य समयसीमा के भीतर पूर्ण हो सका, जिसकी क्षेत्र में सराहना हो रही है।
ग्राम धनिकोड़ता में शासकीय योजनाओं का प्रभाव अब स्पष्ट रूप से दिखाई देने लगा है और ग्रामीण विकास की मुख्यधारा से जुड़ रहे हैं। जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य का समय पर पूरा होना प्रशासन और ग्रामीणों के बीच बढ़ते विश्वास का प्रतीक माना जा रहा है।