छत्तीसगढ़ पुलिस और बस्तर पुलिस के लिए यह अत्यंत गौरव एवं सम्मान का विषय है कि वर्ष 2025 हेतु भारत सरकार के गृह मंत्रालय द्वारा जारी वार्षिक पुलिस थाना रैंकिंग में बोधघाट थाना को छत्तीसगढ़ राज्य का सर्वश्रेष्ठ पुलिस थाना घोषित किया गया है। यह उपलब्धि छत्तीसगढ़ सहित बस्तर संभाग और बस्तर के लिए ऐतिहासिक है, क्योंकि पहली बार बस्तर क्षेत्र के किसी पुलिस थाना को यह प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सम्मान प्राप्त हुआ है।
भारत सरकार का गृह मंत्रालय प्रत्येक वर्ष देशभर के पुलिस थानों का मूल्यांकन विभिन्न मानकों पर करता है। इनमें अपराध नियंत्रण एवं रोकथाम, अनुसंधान की गुणवत्ता, सामुदायिक पुलिसिंग, जनसहभागिता, पुलिस अधोसंरचना, नवाचार, नागरिक-अनुकूल पुलिसिंग, अभिलेख संधारण तथा समग्र कार्य निष्पादन जैसे महत्वपूर्ण मापदंड सम्मिलित होते हैं। इन सभी बिंदुओं पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर बोधघाट थाना को यह सम्मान प्रदान किया गया है।
सम्मान समारोह पर केंद्रीय गृह मंत्री माननीय अमित शाह के नाम से जारी प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान बस्तर के तत्कालीन पुलिस महानिरीक्षक श्री पी सुंदरराज तथा वर्तमान पुलिस महानिरीक्षक श्री बद्रीनारायण मीना द्वारा तत्कालीन थाना प्रभारी निरीक्षक श्री लीलाधर राठौड़ एवं वर्तमान थाना प्रभारी निरीक्षक श्री तामेश्वर चौहान को पुलिस अधीक्षक बस्तर श्री शलभ कुमार सिन्हा तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमान महेश्वर नाग की गरिमामयी उपस्थिति में प्रदान किया गया, इस अवसर पर तत्कालीन नगर पुलिस अधीक्षक श्री आकाश श्रीशिमल तथा वर्तमान नगर पुलिस अधीक्षक श्री सुमितकुमार धोत्रे भी उपस्थित रहे।
यह उपलब्धि बोधघाट थाना के समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों द्वारा वर्षों से किए गए समर्पित, अनुशासित एवं जनोन्मुखी कार्यों का परिणाम है। पुलिस अधीक्षक श्री शलभ कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में थाना द्वारा अपराध नियंत्रण, प्रभावी कानून-व्यवस्था, सामुदायिक पुलिसिंग, जनविश्वास सुदृढ़ीकरण तथा नवाचार आधारित पुलिसिंग के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किए गए, जिनकी राष्ट्रीय स्तर पर सराहना हुई है। बस्तर पुलिस इस उपलब्धि को अपने समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्य संस्कृति का प्रतीक मानती है।