बस्तर स्काउटिंग को नई दिशा, जगदलपुर में राज्य पुरस्कार जांच शिविर संपन्न


जगदलपुर, 29 नवंबर . भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के बस्तर संभाग स्तरीय राज्य पुरस्कार जांच शिविर का आयोजन 25 नवंबर से 28 नवंबर 2026 तक धरमपुरा जगदलपुर स्थित शौंडिक भवन में उत्साह और अनुशासन के साथ संपन्न हुआ। यह शिविर राज्य मुख्य आयुक्त श्री इंद्रजीत खालसा एवं राज्य सचिव श्री अमित छेत्री के निर्देशन तथा जिला मुख्य आयुक्त श्री सुरेश गुप्ता और जिला शिक्षा अधिकारी श्री एआर नोन्हारे के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया। शिविर का शुभारंभ 25 नवंबर को जिला अध्यक्ष ई सत्य प्रकाश गुप्ता, जिला मुख्य आयुक्त श्री सुरेश गुप्ता और उपाध्यक्षों के आतिथ्य में ध्वजारोहण के साथ हुआ।

इस राज्य पुरस्कार जांच परीक्षा-2026 में बस्तर संभाग के कुल 40 स्काउट एवं गाइड ने सहभागिता की। परीक्षा के दौरान प्रतिभागियों को स्काउट/गाइड नियम, प्रतिज्ञा, ध्वज की जानकारी एवं शिष्टाचार, सिग्नलिंग, कैंप निर्माण, मार्चपास्ट और गणवेश सहित कुल 38 विषयों में अपनी दक्षता साबित करनी होती है। लगभग तीन वर्षों तक तैयार की गई लॉग बुक का मूल्यांकन परीक्षकों द्वारा किया गया, जिसके साथ लिखित और मौखिक परीक्षा भी आयोजित हुई। मूल्यांकन के उपरांत परिणाम संबंधी फर्द राज्य कार्यालय को भेज दिया गया है, जहां पुनः परीक्षण के बाद परिणाम घोषित किए जाएंगे। सफल प्रतिभागियों को छत्तीसगढ़ के राज्यपाल के करकमलों से प्रमाणपत्र प्रदान किया जाएगा तथा बोर्ड परीक्षाओं में 10 बोनस अंक का लाभ भी मिलेगा।

शिविर के दौरान 26 नवंबर को भारत स्काउट्स एवं गाइड्स के राष्ट्रीय सदस्य श्री जी. स्वामी ने पहुंचकर स्काउट-गाइड का उत्साहवर्धन किया। वहीं 27 नवंबर को राज्य सचिव श्री अमित कुमार छेत्री ने शिविर का निरीक्षण कर संभाग की समीक्षा बैठक ली और स्काउट मास्टरों, गाइड कैप्टनों व छात्रों को सकारात्मक कार्यों के लिए प्रेरित किया, जिसके बाद शाम को आयोजित कैंप फायर में भी वे सम्मिलित हुए। इस दौरान राज्य से नियुक्त एलओसी किरण ठाकुर, मुख्य परीक्षक अभिमन्यु कुंवर तथा सहायक परीक्षकों कंचन विश्वकर्मा व भूमिका निषाद के साथ जिले से डीओसी (स्काउट) दसरुराम यादव और जिला सचिव लिलेश देवांगन ने परीक्षक का दायित्व निभाया, जबकि जिला प्रभारी खोगेंद्र नाग, गायत्री पटेल और पूर्णिमा दास का विशेष सहयोग रहा।

शिविर के अंतिम दिन विभिन्न धर्मों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति में सर्वधर्म प्रार्थना सभा हुई और खुले सत्र में प्रशिक्षकों व स्काउट-गाइड ने अपने अनुभव साझा किए। समापन अवसर पर जिला मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता तथा जिला संघ के उपाध्यक्ष सुधा मिश्रा, विभा सिंह और परमेश राजा उपस्थित रहे, जहां सुरेश गुप्ता ने भविष्य में स्काउट गतिविधियों के लिए हरसंभव संसाधन उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। अतिथियों द्वारा शिविर संचालक, मुख्य परीक्षक और राज्य से आए परीक्षकों को स्मृति चिन्ह व थैंक्स पत्र भेंट कर सम्मानित किया गया। अंत में राष्ट्रगान व ध्वज अवतरण के बाद “अलविदा और फिर मिलेंगे—फिर मिलेंगे” के उद्घोष के साथ शिविर का समापन हुआ। जिला संगठन आयुक्त (स्काउट) ने सभी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए विशेष रूप से मुख्य आयुक्त सुरेश गुप्ता का धन्यवाद दिया, जिनके प्रयासों से शौंडिक भवन उपलब्ध हुआ और प्रतिदिन सहयोग मिला। आयोजकों व प्रतिभागियों के अनुसार यह शिविर बस्तर संभाग में स्काउटिंग को नई दिशा देने में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *