नमो सेवा गाथा नुक्कड़ नाटक ने दर्शकों को किया मंत्रमुग्ध

 

जगदलपुर, 04 अक्टूबर 2026/ जिले भर में आयोजित किए जा रहे सेवा सेतु शिविरों में इन दिनों स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक ‘नमो सेवा गाथा’ आकर्षण का प्रमुख केंद्र बना हुआ है। अपनी सशक्त अभिव्यक्ति और जीवंत अभिनय के माध्यम से ये कलाकार शासकीय योजनाओं और देश में आए सकारात्मक बदलावों की कहानी को जन-जन तक बड़ी ही सहजता से पहुंचा रहे हैं।

इस प्रस्तुति की रूपरेखा में बच्चों के अभिनय और दर्शकों की रुचि के अनुकूल बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर परिमार्जित किया गया है। नुक्कड़ नाटक की पटकथा पुराने कॉलेज मित्रों के एक रीयूनियन के ताने-बाने पर बुनी गई है, जहां वे आपस में चर्चा करते हुए देश में हुए आमूलचूल परिवर्तनों को उजागर करते हैं। इसमें माओवाद पर प्रभावी नियंत्रण और माओवाद समस्या का खात्मा, डिजिटल लेनदेन को सुगम बनाने वाली यूपीआई प्रणाली और प्रमुख जनकल्याणकारी नीतियों के जमीनी असर को कलात्मक ढंग से पेश किया जा रहा है।

इस नाट्य दल के लिए शासकीय महारानी लक्ष्मीबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय जगदलपुर और जगतू माहरा हायर सेकेंडरी स्कूल जगदलपुर से लगभग 22 प्रतिभावान विद्यार्थियों का चयन किया गया। नियमित रिहर्सल और अभ्यास की सुविधा को ध्यान में रखते हुए छात्रावासों में रहने वाले छात्र-छात्राओं को इसमें प्राथमिकता दी गई। इन कलाकारों को तराशने की जिम्मेदारी ‘बादल’ (बस्तर एकेडमी ऑफ डांस, आर्ट एंड लैंग्वेज) के प्रशिक्षकों ने संभाली, जिन्होंने बच्चों को गहन प्रशिक्षण देने के साथ-साथ एकेडमी का शैक्षणिक भ्रमण भी कराया, जिससे दल का उत्साह कई गुना बढ़ गया। दल में एनसीसी कैडेट्स सहित कई उत्साही कलाकार शामिल हैं।

अपनी तैयारियों के दौरान बाढ़ की स्थिति और मौसमी बीमारियों जैसी व्यावहारिक कठिनाइयों का सामना करने के बावजूद बच्चों के उत्साह में कोई कमी नहीं आई। शिविरों में दी गई इस उत्कृष्ट प्रस्तुति की आम नागरिकों के साथ-साथ क्षेत्र के सांसद श्री महेश कश्यप और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी खुलकर सराहना की है। बच्चों के इस शानदार प्रदर्शन को देखते हुए आयोजकों ने आगामी सांस्कृतिक व रंगमंचीय आयोजनों में भी इस दल को निरंतर अवसर प्रदान करने की योजना बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *