साइबर अपराध मुक्त बस्तर के लिए छेड़ा जागरूकता अभियान

जगदलपुर, 1 सितम्बर 2026/ बढ़ते डिजिटल लेन-देन के दौर में ऑनलाइन ठगी और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए नानगुर पुलिस ने विशेष जागरूकता मुहिम छेड़ रखी है। पुलिस अधीक्षक श्री शलभ सिन्हा के निर्देशानुसार थाना प्रभारी निरीक्षक श्री गणेश यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम क्षेत्रवासियों को साइबर सुरक्षा और सुरक्षित डिजिटल व्यवहार के प्रति लगातार जागरूक कर रही है।

इसी क्रम में 29 अगस्त को थाना परिसर में एक विशेष कार्यशाला आयोजित की गई, जिसमें क्षेत्र के सीएससी केंद्र संचालकों और स्थानीय व्यापारियों को आमंत्रित किया गया था। इस दौरान पुलिस अधिकारियों ने फर्जी कॉल, संदिग्ध लिंक, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग और बैंकिंग फ्रॉड से बचाव के महत्वपूर्ण तौर-तरीके साझा किए। कार्यशाला में उपस्थित लोगों को विशेष रूप से समझाया गया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, पिन, पासवर्ड या बैंक से जुड़ी गोपनीय जानकारी कभी साझा न करें।

थाना स्टाफ द्वारा जागरूकता का यह दायरा केवल थाने तक सीमित न रखकर क्षेत्र के स्कूलों, हाट-बाजारों और प्रमुख सार्वजनिक स्थानों तक पहुंचाया जा रहा है। पुलिस आम नागरिकों से सीधा संवाद स्थापित कर रही है और अपील कर रही है कि किसी भी साइबर ठगी या संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि की स्थिति में तुरंत पुलिस को सूचित करें। पुलिस का यह व्यापक प्रयास न केवल आमजन में सतर्कता बढ़ा रहा है, बल्कि साइबर अपराध मुक्त बस्तर के संकल्प को साकार करने की दिशा में भी एक प्रभावी कदम साबित हो रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *