बस्तर ओलंपिक की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के समापन दिवस पर कमिश्नर श्री डोमन सिंह ने बढ़ाया खिलाड़ियों का उत्साह

दूरस्थ वनांचलों से पहुंचे खिलाड़ियों की प्रतिभा और खेल के प्रति समर्पण की सराहना की, बेहतर प्रदर्शन के लिए किया प्रेरित

जगदलपुर, 04 नवंबर  बस्तर अंचल की खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को खेल गतिविधियों से जोड़ने के उद्देश्य से आयोजित बस्तर ओलंपिक की ब्लॉक स्तरीय प्रतियोगिताओं के समापन दिवस पर गीदम में बुधवार को कमिश्नर बस्तर श्री डोमन सिंह शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का अवलोकन कर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया तथा उन्हें खेल भावना, अनुशासन और टीम भावना के साथ उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया।

समापन दिवस पर कमिश्नर श्री सिंह ने कबड्डी सीनियर पुरुष वर्ग के रोमांचक फाइनल मुकाबले, रस्साकसी सीनियर महिला वर्ग एवं वालीबॉल प्रतियोगिता का अवलोकन किया। उन्होंने खिलाड़ियों के जोश, उत्साह और खेल कौशल की सराहना करते हुए कहा कि खेल युवाओं के शारीरिक एवं मानसिक विकास के साथ-साथ उनमें आत्मविश्वास, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और आपसी सहयोग की भावना विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं।

इस अवसर पर कमिश्नर ने चेन्नई से आई वालीबॉल महिला टीम के खिलाड़ियों से मुलाकात कर उनका उत्साहवर्धन किया और उक्त टीम एवं दंतेवाड़ा की टीम के मध्य आयोजित सदभावना मैच के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उन्हें बेहतर प्रदर्शन करने की शुभकामनाएं दी। साथ ही गीदम विकासखंड के सुदूर वनांचल क्षेत्र पाहुरनार एवं बड़ेकरका से पहली बार बस्तर ओलंपिक में भाग लेने पहुंची वालीबॉल टीमों के खिलाड़ियों से संवाद किया। उन्होंने इन क्षेत्रों से आए खिलाड़ियों के उत्साह, लगन और खेल के प्रति समर्पण की विशेष सराहना की। उन्होंने कहा कि बस्तर ओलंपिक जैसे आयोजन दूरस्थ अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को पहचानने और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर अवसर प्रदान करते हैं।

कमिश्नर श्री सिंह ने खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास करने, अपनी प्रतिभा को निरंतर निखारने तथा भविष्य में जिला, संभाग एवं राज्य स्तर की प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर क्षेत्र का नाम रोशन करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन ग्रामीण युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के साथ ही बस्तर में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने और प्रतिभाओं को आगे लाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। इस दौरान एसडीएम श्री रामसिंह सोरी, जनपद पंचायत सीईओ श्री परमेश्वर कुर्रे सहित संबंधित अधिकारी, खेल प्रशिक्षक, आयोजन समिति के सदस्य एवं बड़ी संख्या में खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *