सुकमा/कोंटा। कोंटा स्थित खंड शिक्षा अधिकारी (BEO) कार्यालय में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बुधवार को कार्रवाई करते हुए BEO चंद्र कुमार यारदा को कथित रूप से 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। अधिकारी पर शिक्षकों के करीब 16 लाख रुपए के एरियर्स बिल बनाने और भुगतान कराने के एवज में 5 प्रतिशत के हिसाब से 80 हजार रुपए रिश्वत मांगने का आरोप है।
जानकारी के अनुसार शिकायतकर्ता मंगल राम ने एरियर्स की राशि का बिल बनाने एवं निकालने के एवज में रिश्वत मांगे जाने की शिकायत ACB से की थी। शिकायत का सत्यापन करने के बाद ACB की टीम ने बुधवार को कोंटा स्थित BEO कार्यालय में दबिश दी।
बताया गया है कि 16 लाख रुपए के एरियर्स बिल के एवज में कथित तौर पर 5 प्रतिशत यानी 80 हजार रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। इसी रकम की पहली किस्त के रूप में 10 हजार रुपए दिए जाने थे। जैसे ही शिकायतकर्ता ने निर्धारित रकम अधिकारी को दी, ACB की टीम ने कार्रवाई करते हुए BEO चंद्र कुमार यारदा को पकड़ लिया।
कार्रवाई के बाद ACB की टीम ने BEO कार्यालय में दस्तावेजों और संबंधित रिकॉर्ड की जांच भी की। अचानक हुई कार्रवाई से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया।
ACB DSP रमेश मरकाम ने बताया कि शिकायतकर्ता मंगल राम की शिकायत के बाद मामले का सत्यापन किया गया था। एरियर्स बिल निकालने के एवज में 10 हजार रुपए रिश्वत लेने के आरोप में BEO चंद्र कुमार यारदा को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
शिकायतकर्ता मंगल राम ने बताया कि एरियर्स की राशि का बिल बनाने और निकालने के नाम पर उनसे रिश्वत की मांग की जा रही थी। इसके बाद उन्होंने ACB से शिकायत की। कार्रवाई के बाद उन्होंने उम्मीद जताई कि शिक्षकों से इस तरह की कथित अवैध वसूली पर रोक लगेगी।
ACB की कार्रवाई के बाद अब मामले में दस्तावेजों और अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद रिश्वत मांगने और लेने से जुड़े अन्य पहलुओं का भी खुलासा होने की संभावना है।