ज्ञानगुड़ी’ परियोजना हेतु विषय विशेषज्ञों की भर्ती, इच्छुक कर सकते हैं आवेदन 17 जुलाई तक

जगदलपुर, 7 जुलाई . बस्तर के होनहार युवाओं को प्रशासनिक और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता के शिखर तक पहुँचाने के लिए जिला प्रशासन की महत्वाकांक्षी ‘ज्ञानगुड़ी’ (डिस्ट्रिक्ट एडमिनिस्ट्रेशन फॉर यूथ एक्टिविटीज) परियोजना का शानदार सफर निरंतर जारी है। अपने सफल ट्रैक रिकॉर्ड को बरकरार रखते हुए, ज्ञानगुड़ी केंद्र अब एक नए और ऊर्जावान सत्र के साथ तैयार है। इस नवीन सत्र में स्थानीय युवाओं को और अधिक गुणवत्तापूर्ण शिक्षा व मार्गदर्शन देने के उद्देश्य से, जगदलपुर के धरमपुरा स्थित अटल बिहारी वाजपेयी वार्ड केंद्र में उच्च स्तरीय विषय विशेषज्ञों की भर्ती की प्रक्रिया की जा रही है।

सत्र 2026 के लिए जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय द्वारा योग्य और अनुभवी अतिथि शिक्षकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस बार सामान्य अध्ययन के 02 पदों और तर्कशक्ति एवं गणित के 01 पद सहित कुल 3 पदों पर नियुक्तियां की जा रही हैं, ताकि छात्र-छात्राओं को एसएससी, रेलवे, व्यापम जैसी परीक्षाओं के बदलते पैटर्न के अनुसार सर्वश्रेष्ठ तैयारी कराई जा सके। चयनित होने वाले इन विषय विशेषज्ञों को 27 हजार रुपए का एकमुश्त मासिक मानदेय दिया जाएगा।
यह पद उन विषय विशेषज्ञों के लिए एक बेहतरीन अवसर है जो आधुनिक शिक्षण पद्धतियों में माहिर हैं। आवेदकों के पास संबंधित विषयों में स्नातकोत्तर या स्नातक की डिग्री होने के साथ-साथ परीक्षाओं के नए डिजिटल स्वरूप, ऑनलाइन मॉक टेस्ट और स्मार्ट क्लासरूम/डिजिटल बोर्ड पर पढ़ाने का व्यावहारिक अनुभव होना जरूरी है। साथ ही, स्वयं ऐसी प्रतियोगी परीक्षाएं उत्तीर्ण कर चुके अभ्यर्थियों को चयन में विशेष प्राथमिकता दी जाएगी।
इस गरिमामयी शिक्षण अभियान का हिस्सा बनने के लिए इच्छुक उम्मीदवार अपना रेज्यूमे 17 जुलाई को शाम 4 बजे तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय, जगदलपुर में स्वयं या रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से जमा कर सकते हैं। इसके उपरांत, सभी पात्र आवेदकों को 21 जुलाई को दोपहर 12 बजे से ज्ञानगुड़ी कार्यालय, धरमपुरा में आयोजित होने वाले वॉक-इन इंटरव्यू में शामिल होने का अवसर मिलेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *