20 साल से खेती कर रहे किसान की जमीन पर तालाब खुदाई!

खड़ी धान की फसल पर संकट, प्रशासन और पंचायत पर गंभीर आरोप

जीरा गांव में किसान ने लगाई न्याय की गुहार, कहा— फसल कटने तक रुकवा दें काम, लेकिन जारी रही खुदाई

जगदलपुर , 22 जून . ग्राम पंचायत कुमली  के आश्रित ग्राम जीरा गांव में एक किसान की वर्षों की मेहनत पर पानी फिरने का खतरा मंडरा रहा है। गांव के किसान हरी पिता स्वर्गीय साह ने पंचायत और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि जिस जमीन पर वह पिछले 15 से 20 वर्षों से लगातार खेती कर रहे हैं, उसी भूमि पर बिना सूचना दिए तालाब निर्माण कार्य स्वीकृत कर दिया गया है। इससे उनकी खड़ी धान की फसल नष्ट होने की आशंका पैदा हो गई है।

किसान हरी के अनुसार श्मशान घाट के पास स्थित लगभग एक एकड़ भूमि पर उन्होंने इस वर्ष भी धान की बुआई की है। फसल को अभी करीब एक माह ही हुआ है और पौधे बढ़ने की अवस्था में हैं। इसी दौरान पंचायत द्वारा उक्त भूमि पर तालाब खुदाई का कार्य शुरू करा दिया गया।

किसान हरी का कहना है कि उन्होंने गांव के पंच सुकलधर से अनुरोध किया था कि धान की फसल कटाई तक खुदाई का कार्य रोक दिया जाए। उन्होंने कहा कि फसल कटने के बाद तालाब निर्माण कराया जा सकता है, लेकिन उनकी बात पर ध्यान नहीं दिया गया और खुदाई का कार्य जारी रखा गया।

किसान ने सवाल उठाया है कि यदि तालाब निर्माण के कारण उनकी फसल बर्बाद होती है तो इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा और नुकसान की भरपाई कौन करेगा। उन्होंने बताया कि खेती ही उनके परिवार की आजीविका का मुख्य साधन है और फसल खराब होने से आर्थिक संकट खड़ा हो जाएगा।

किसान ने यह भी आरोप लगाया कि तालाब निर्माण के लिए तहसीलदार और पटवारी द्वारा श्मशान घाट क्षेत्र में खसरा नंबर 181, 182 को चिन्हित किया गया था, लेकिन पंचायत और कुछ ग्रामीणों की मिलीभगत से अब उस जमीन छोड़ मै जहाँ वर्तमान में धान लगाया हूँ जिसका खसरा  नंबर 177, 178  पर तालाब खोदा जा रहा है जहां  मै वर्षों से खेती कर रहा हूँ .

मामले को लेकर गांव में चर्चा का माहौल है। किसान ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर निर्माण कार्य पर रोक लगाने तथा फसल को बचाने की मांग की है। वहीं पंचायत और संबंधित अधिकारियों का पक्ष सामने आना अभी बाकी है।

किसान हरी पिछले 15-20 वर्षों से एक एकड़ भूमि पर खेती कर रहे हैं।
भूमि पर इस वर्ष धान की बुआई को लगभग एक माह हुआ है।

पंचायत द्वारा बिना पूर्व सूचना उसी जमीन पर तालाब निर्माण कार्य शुरू किए जाने का आरोप।
किसान ने फसल कटाई तक कार्य रोकने की मांग की थी।
खुदाई जारी रहने से धान की फसल को नुकसान की आशंका।
किसान का दावा— तालाब के लिए पहले श्मशान घाट क्षेत्र चिन्हित किया गया था।
पंचायत व कुछ ग्रामीणों की मिलीभगत से खेती वाली जमीन पर तालाब निर्माण कराने का आरोप।
प्रशासन से जांच, नुकसान की भरपाई और न्याय की मांग।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *