मतदाता पंजीयन अभियान को मिली गति, अंदरूनी गांवों तक पहुंच रहा निर्वाचन अमला

बीएलओ घर-घर पहुंचकर छूटे पात्र नागरिकों को जोड़ रहे मतदाता सूची से

सुकमा/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले में मतदाता सूची को अधिक शुद्ध, अद्यतन एवं समावेशी बनाने के उद्देश्य से विशेष मतदाता पंजीयन अभियान प्रभावी रूप से संचालित किया जा रहा है। जिला निर्वाचन कार्यालय के मार्गदर्शन में निर्वाचन अमला अंदरूनी एवं दूरस्थ गांवों तक पहुंचकर उन पात्र नागरिकों की पहचान कर रहा है, जिनका नाम किसी कारणवश मतदाता सूची में शामिल नहीं हो सका है। बूथ लेवल अधिकारी (BLO) घर-घर जाकर नागरिकों को जागरूक करने के साथ फॉर्म-6 के माध्यम से नए पंजीयन की प्रक्रिया पूरी कराने में जुटे हैं। दुर्गम भौगोलिक परिस्थितियों के बीच भी प्रशासन की सक्रियता और मैदानी अमले की तत्परता का उद्देश्य स्पष्ट है—कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित न रहे। अभियान के दौरान BLO App एवं ECINET जैसे डिजिटल माध्यमों का उपयोग कर आवेदन एवं संबंधित जानकारियों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप दर्ज किया जा रहा है।

विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज नहीं करा सके नागरिकों के मामलों में पात्रता के आधार पर पुनः सत्यापन की प्रक्रिया भी अपनाई जा रही है। पात्र पाए जाने वाले नागरिकों को नियमानुसार आवेदन कर मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। अभियान को व्यवस्थित और परिणामोन्मुख बनाने के लिए बीएलओ को आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया है, वहीं संबंधित तहसीलदार एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मैदानी कार्यों की नियमित निगरानी और प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। दूसरी ओर, SVEEP कार्यक्रम के तहत जिले के हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों में निर्वाचक साक्षरता क्लब (ELC) के माध्यम से विद्यार्थियों और युवाओं को लोकतंत्र, मतदान के महत्व तथा मतदाता पंजीयन की जानकारी दी जा रही है। 17 वर्ष या उससे अधिक आयु के युवाओं को अग्रिम आवेदन की सुविधा के प्रति जागरूक कर भविष्य के मतदाताओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने की दिशा में भी पहल की जा रही है।

जिला निर्वाचन कार्यालय की पात्र नागरिकों से अपील है कि जिनका नाम मतदाता सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर पंजीयन के लिए आवेदन करें। नागरिक अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क कर सकते हैं अथवा निर्वाचन आयोग के मतदाता सेवा पोर्टल https://voters.eci.gov.in पर जाकर जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। मतदाता पंजीयन एवं निर्वाचन संबंधी सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर *1950* पर भी संपर्क किया जा सकता है। जिला प्रशासन का यह अभियान मतदाता सूची में पात्र नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने, निर्वाचन प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी एवं समावेशी बनाने और लोकतंत्र की जड़ों को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। जिला निर्वाचन कार्यालय ने सभी पात्र नागरिकों से अभियान का लाभ उठाकर मतदाता सूची में अपना नाम दर्ज कराने तथा लोकतांत्रिक अधिकारों के प्रति जागरूक रहने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *