बांस के ट्री गार्ड से बढ़ेगी आय, 53 दीदियों को मिला विशेष प्रशिक्षण

सुकमा/ जिले के तोंगपाल में महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए 20 जून को 14 स्व-सहायता समूहों की 53 दीदियों को बांस से ट्री गार्ड निर्माण का विशेष प्रशिक्षण दिया गया। कलेक्टर श्री अमित कुमार के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ श्री मुकुन्द ठाकुर के मार्गदर्शन में आयोजित इस प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को रोजगार से जोड़ते हुए उनकी आय में वृद्धि करना है।

प्रशिक्षण के दौरान दीदियों को बांस आधारित ट्री गार्ड तैयार करने की आधुनिक तकनीकों की जानकारी दी गई। वनों पर आश्रित ग्रामीणों एवं वनवासी समूहों द्वारा निर्मित इन ट्री गार्डों का उपयोग नेशनल हाईवे सहित विभिन्न क्षेत्रों में किए जाने वाले पौधारोपण की सुरक्षा के लिए किया जाएगा। इससे पौधों को पशुओं एवं अन्य नुकसान से बचाने में मदद मिलेगी तथा पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिलेगी।

यह पहल महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ ‘लखपति दीदी’ अभियान को भी नई गति प्रदान करेगी। बांस से बने ट्री गार्डों की बढ़ती मांग से स्व-सहायता समूहों की महिलाओं को अतिरिक्त आय के अवसर प्राप्त होंगे, जिससे वे आर्थिक रूप से सशक्त बनकर अपने परिवार और समाज के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेंगी। जिले में यह पहल महिला सशक्तिकरण और सतत आजीविका का एक प्रेरणादायक उदाहरण बनकर उभर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *