बीजापुर, 21 अक्टूबर । जिले में पुनर्वास केंद्र में रह रहे एक आत्मसमर्पित नक्सली ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम के साथ फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल की जांच शुरू की।
मृतक की पहचान 26 वर्षीय नरसू बोडू, पिता लक्ष्मैया बोडू, निवासी कामकानार, थाना गंगालूर क्षेत्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार नरसू ने 27 फरवरी 2025 को बीजापुर पुलिस के समक्ष आत्मसमर्पण किया था। इसके बाद से वह पुनर्वास केंद्र में रह रहा था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान नरसू ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रारंभिक जांच की। FSL टीम ने भी घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए हैं।
फिलहाल आत्महत्या के पीछे की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि नरसू ने यह कदम किन परिस्थितियों में उठाया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला चिकित्सालय बीजापुर भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट होने की संभावना है। मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।