नारायणपुर, 20 जून . कलेक्टर नम्रता जैन ने 19 जून को राष्ट्रीय राजमार्ग क्रमांक 130-डी (NH-130D) के निर्माण कार्यों का जमीनी स्तर पर व्यापक निरीक्षण किया। वर्षा ऋतु के आगमन से पूर्व सड़क, पुलिया एवं पुल निर्माण कार्यों की वास्तविक प्रगति, गुणवत्ता तथा सुरक्षा मानकों का आकलन करने के उद्देश्य से किए गए इस निरीक्षण में लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता सहित निर्माण एजेंसी के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर जैन ने किलोमीटर 44.800 से लेकर किलोमीटर 20.700 तक के विभिन्न निर्माण स्थलों का दौरा कर कार्यों की बारीकी से समीक्षा की। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता, तकनीकी मानकों और समयसीमा का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। किलोमीटर 44.800 पर निर्माणाधीन बॉक्स पुलिया (1x2x2) के स्लैब स्टील की गहन जांच की गई। वहीं किलोमीटर 43.170 पर स्थित माइनर ब्रिज (MNB-2×10) के रिटेनिंग वॉल और स्लैब निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया गया। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अप्रोच फिलिंग, अर्थवर्क और बेस फिलिंग के कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ किए जाएं ताकि भारी बारिश के दौरान मिट्टी कटाव जैसी समस्याएं उत्पन्न न हों।
निर्माण कार्य में पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए किलोमीटर 35.600 पर डीबीएम की मोटाई की मौके पर ही भौतिक जांच की गई। जांच में डीबीएम की मोटाई 54.35 मिमी और 54.18 मिमी पाई गई, जो निर्धारित तकनीकी मानकों के अनुरूप है। इस पर कलेक्टर ने संतोष व्यक्त करते हुए गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
इसके अलावा किलोमीटर 20.700 पर निर्माणाधीन स्पन माइनर ब्रिज (2×6.00 मीटर) का निरीक्षण करते हुए कलेक्टर ने अप्रोच रोड निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि वाहनों की आवाजाही निर्बाध और सुरक्षित रूप से संचालित हो सके।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने स्पष्ट रूप से कहा कि बस्तर अंचल के लिए महत्वपूर्ण लाइफलाइन मार्ग NH-130D के निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने मानसून को ध्यान में रखते हुए जलभराव संभावित क्षेत्रों में रिटेनिंग वॉल सहित शेष निर्माण कार्यों को युद्धस्तर पर पूर्ण करने के निर्देश दिए, ताकि बारिश के दौरान आम नागरिकों को आवागमन में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
कलेक्टर नम्रता जैन ने अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग, गुणवत्ता परीक्षण और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि सड़क निर्माण कार्य समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूर्ण होना चाहिए, जिससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर और सुरक्षित यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।
निरीक्षण के दौरान राष्ट्रीय राजमार्ग के कार्यपालन अभियंता श्रीमती प्रज्ञानंद, एसडीओ जीएस शोरी सहित उप अभियंता एवं निर्माण एजेंसी उपस्थित थे |