लगभग डेढ़ करोड़ रूपये की लागत से संवरेगा महादेव घाट,विधायक किरण देव ने किया था,भूमिपूजन
जगदलपुर। मानसून से पूर्व जगदलपुर में चल रहे विभिन्न विकास कार्यों को लेकर महापौर संजय पांडे संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहे है , इसी परिपेक्ष्य में शुक्रवार को उन्होंने शहर के प्रमुख धार्मिक स्थल में से एक महादेव घाट का निरीक्षण किया।
जहां उन्होंने आगामी उन्नयन एवं सौंदर्यीकरण कार्यों के संबंध में अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए । महापौर संजय पांडे ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों को निर्देशित किया कि महादेव घाट के विकास कार्यों को तय कार्ययोजना के अनुरूप प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र प्रारंभ करने के भी निर्देश दिए ।
महादेव घाट में निर्माण कार्यों में घाट निर्माण, सुरक्षा के लिए टो वॉल निर्माण, आवागमन की सुविधा हेतु पेवर ब्लॉक बिछाने, श्रद्धालुओं के बैठने के लिए चबूतरा निर्माण तथा सुरक्षा की दृष्टि से एसएस रेलिंग लगाने का निर्णय लिया गया है । इसके साथ ही स्वच्छता एवं नागरिक सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए आधुनिक शौचालय निर्माण सहित अन्य आवश्यक मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देते हुए कार्य किए जाएंगे।
इस दौरान महापौर संजय पांडे ने कहा कि विकास कार्यों में गुणवत्ता एवं दीर्घकालिक उपयोगिता का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि महादेव घाट जगदलपुर में श्रद्धा का एक बड़ा केंद्र है इसका विकास आध्यात्मिक केंद्र के रूप में किया जा रहा है।
निरीक्षण के दौरान महापौर संजय पांडे ने बताया कि महादेव घाट में प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए हाई मास्ट लाइट एवं आकर्षक डेकोरेटिव लाइट्स स्थापित किए जायेंगे । उन्होंने कहा कि रात्रिकालीन प्रकाश व्यवस्था से क्षेत्र की सुरक्षा बढ़ेगी तथा घाट का सौंदर्य भी निखरेगा। उन्होंने सभी निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने तथा गुणवत्ता मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय नागरिकों एवं महिलाओं ने भी घाट क्षेत्र के विकास से संबंधित सुझाव दिए। नागरिकों ने सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं बैठने की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग रखी। महापौर श्री पांडे ने कहा कि स्थानीय नागरिकों के सुझावों को प्राथमिकता देते हुए विकास कार्यों में शामिल किया जाएगा, जिससे महादेव घाट को शहर के एक आदर्श धार्मिक एवं पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा सके।
निरीक्षण के दौरान नगर निगम अध्यक्ष खेम सिंह देवांगन, एमआईसी सदस्य निर्मल पानीग्राही, सुरेश गुप्ता, लक्ष्मण झा, श्रीमती त्रिवेणी रंधारी एवं संग्राम सिंह राणा, नगर निगम आयुक्त प्रवीण वर्मा, कार्यपालन अभियंता गोपाल भारद्वाज, इंजीनियर दिलीप मरकाम तथा ठेकेदार अशोक पांडे उपस्थित रहे। साथ ही स्थानीय निवासी श्रीमती ललिता जंगम, श्रीमती मोनालिसा श्रीवास्तव, श्रीमती निर्मला दास, श्रीमती रोहिणी यादव, श्रीमती विंध्यवासिनी प्रजापति, श्रीमती जमुना ध्रुव, श्रीमती मनीषा प्रजापति, श्रीमती सावित्री जंगम एवं श्रीमती कंचन जंगम सहित अन्य नागरिक उपस्थित रहे।